
बालिका एकल वर्ग में रिद्धि ने प्राप्ति को हराकर जीता खिताब
देवप्रयाग/टिहरी, 9 नवंबर 2026 राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में खेल निदेशालय, उत्तराखंड एवं जिला प्रशासन टिहरी गढ़वाल के तत्वावधान में जिला खेल कार्यालय, नरेंद्रनगर द्वारा स्थानीय टेबल टेनिस हॉल में एक रोमांचक टेबल टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपक रावत ने बताया कि प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग के कई उभरते खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। बालक एकल वर्ग के मुकाबलों में अरवन पुंडीर ने दक्ष रावत को तथा गौरव पुंडीर ने माधव को पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया। वहीं, बालिका एकल वर्ग के फाइनल मुकाबले में रिद्धि ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए प्राप्ति को हराकर विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि प्राप्ति उपविजेता रहीं।
समापन अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपक रावत ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के साथ-साथ उनकी खेल प्रतिभा को निखारने का एक बेहतरीन माध्यम हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रतियोगिता का कुशल संचालन टेबल टेनिस प्रशिक्षक सुमित जोशी ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ सहायक रोहित असवाल, मो. शहजाद सलमानी, प्रशिक्षक अरुण रमोला सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
