26वां राज्य स्थापना दिवस: जनपद मुख्यालय सहित सभी तहसीलों में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया पर्व

विधायक किशोर उपाध्याय ने आंदोलनकारियों के त्याग और बलिदान को किया नमन, कहा—’राज्य के विकास में सबकी सहभागिता जरूरी’

जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल बोलीं—’शहीदों के सपनों का उत्तराखण्ड बनाना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी’

देवप्रयाग/टिहरी गढ़वाल 09 नवंबर 2026

उत्तराखंड राज्य का 26वां स्थापना दिवस जनपद टिहरी गढ़वाल के मुख्यालय सहित सभी तहसीलों में हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया गया। मुख्य समारोह नई टिहरी स्थित प्रताप इंटर कॉलेज के प्रांगण में आयोजित हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने की, जबकि स्थानीय विधायक किशोर उपाध्याय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। इस दौरान अतिथियों ने राज्य निर्माण आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले जनपद के आंदोलनकारियों को फूलमाला एवं शॉल भेंटकर सम्मानित किया।

मुख्य अतिथि एवं विधायक किशोर उपाध्याय ने प्रदेश और जनपदवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखंड का निर्माण अनेक आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। लंबे संघर्ष के बाद 9 नवंबर 2000 को इस राज्य का गठन हुआ था। आज राज्य अपनी स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण कर 27वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। यह अवसर हमें शहीदों के योगदान को स्मरण करने के साथ ही उनके सपनों के अनुरूप प्रदेश के विकास का संकल्प लेने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विशेष मार्गदर्शन और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के चलते राज्य में विकास कार्यों को नई गति मिली है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार आंदोलनकारियों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है। इसी क्रम में गठित समिति उनकी मांगों का परीक्षण कर रही है। विधायक ने कहा कि राज्य आंदोलन के प्रणेता एवं जनभावनाओं के प्रतीक स्वर्गीय इन्द्रमणि बडोनी के योगदान को सदैव याद रखा जाएगा। उनकी स्मृति में जिला मुख्यालय में प्रतिमा स्थापित की जाएगी। उन्होंने सभी से राज्य की एकता, संस्कृति और विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि टिहरी जनपद का राज्य आंदोलन में ऐतिहासिक और विशेष योगदान रहा है। राज्य निर्माण के बाद शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, पर्यटन और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में प्रदेश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ के संकल्प को पूरा करने में उत्तराखंड भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके लिए सभी विभागों और नागरिकों को समन्वय के साथ पूरी निष्ठा से अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा।

समारोह के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन को दी गई। वहीं, स्कूली छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उत्तराखंड की लोक संस्कृति एवं समृद्ध विरासत की जीवंत झलक पेश की। इस अवसर पर पोस्टर प्रतियोगिता के प्रतिभागियों और उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष खेम सिंह चौहान, ग्रामीण अभियंत्रण सेवा के उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट, पूर्व राज्य मंत्री अब्बल सिंह बिष्ट व अतर सिंह तोमर, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, नई टिहरी की नगर पालिका अध्यक्षा मोहन सिंह रावत, चम्बा की नगर पालिका अध्यक्षा शोभनी धनोला, ब्लॉक प्रमुख जाखणीधार राजेश नौटियाल, दिनेश डोभाल, आंदोलनकारी मंच के अध्यक्ष राकेश भूषण गोदियाल, किशन रावत, सोमदत्त उनियाल, सुन्दर लाल उनियाल, ज्योति भट्ट, गोविन्द रावत सहित तमाम जनप्रतिनिधि, राज्य आंदोलनकारी, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9058520973, हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करे