जनता मिलन में 42 शिकायतें, श्रमिक कार्ड के नाम पर वसूली की शिकायत से हड़कंप

देवप्रयाग टाईम्स( गिरीश भट्ट )31अगस्त 26 सोमवार

25 दिन से लापता महिला का मामला भी डीएम के सामने पहुंचा, अधिकारियों को जांच और त्वरित कार्रवाई के निर्देश

टिहरी,  कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने पुनर्वास, प्रतिकर, सड़क, आपदा, पेंशन, पेयजल, विद्युत, आवास और आर्थिक सहायता से जुड़ी 42 शिकायतें एवं मांग पत्र जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल के समक्ष रखे। कई मामलों में जिलाधिकारी ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनता मिलन में श्रमिक कार्ड बनवाने के नाम पर धनराशि लिए जाने की शिकायत भी सामने आई। लंबगांव, प्रतापनगर निवासी केशव रावत ने आरोप लगाया कि प्रतापनगर सहित जिले में श्रमिक कार्ड बनवाने के लिए ठेकेदारों द्वारा प्रमाणपत्र के नाम पर धनराशि ली जा रही है। जिलाधिकारी ने श्रम अधिकारी को श्रमिक कार्ड और संबंधित प्रमाण-पत्रों की जांच के साथ ठेकेदारों के पंजीकरण का सत्यापन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी सीएससी केंद्र के स्तर पर अनियमितता सामने आने पर उसके पंजीकरण को निरस्त करने की कार्रवाई की जाए।

25 दिन से लापता महिला का मामला

ग्राम प्रधान मोटना प्रदीप सिंह और ग्रामीणों ने 25 दिनों से लापता रेशमा देवी का अब तक सुराग नहीं मिलने की जानकारी जिलाधिकारी को दी। ग्रामीणों ने ससुराल पक्ष की भूमिका पर भी संदेह जताया। जिलाधिकारी ने कहा कि मामला पुलिस जांच के अधीन है और पुलिस जांच के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

सड़क से मकान की छत क्षतिग्रस्त होने की शिकायत

पाली गांव निवासी अंजना देवी ने बताया कि निर्माणाधीन पर्यटन सड़क के कारण उनके आवास की छत क्षतिग्रस्त हो गई है। इस पर जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारी को मौके का निरीक्षण कर वस्तुस्थिति की रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। बरसात के दौरान सड़क का पानी घरों में न पहुंचे, इसके लिए जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने को भी कहा गया।

दिखोल गांव निवासी दिव्यांग जसपाल सिंह ने भी अपनी समस्याएं रखीं। वहीं मजाफ गांव निवासी मंजू देवी और ललिता देवी ने विधवा पेंशन मिलने की जानकारी देते हुए आर्थिक सहायता की मांग की। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को पात्रता के अनुसार उन्हें किसान पेंशन का लाभ दिलाने तथा दोनों महिलाओं को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने के निर्देश दिए।

सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों पर भी नाराजगी

जनता मिलन के दौरान जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने लंबे समय से लंबित और अधिक संख्या में लंबित प्रकरण वाले विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी औपचारिकता तक सीमित नहीं होना चाहिए। शिकायतकर्ता की समस्या का समयबद्ध और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए। सभी विभागों को सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की नियमित समीक्षा और लंबित मामलों की निगरानी करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि कुछ पुरानी शिकायतें दोबारा जनता मिलन में आई हैं, जिन पर पूर्व में जांच के निर्देश दिए गए थे। इन मामलों का भी प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, परियोजना निदेशक डीआरडीए ज्योति, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश, जिला विकास अधिकारी मो. असलम, उप जिलाधिकारी कमलेश मेहता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9058520973, हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करे