
देवप्रयाग टाइम्स (गिरीश भट्ट)
देवप्रयाग/टिहरी गढ़वाल, 04 अगस्त26। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा जिला पूर्ति विभाग द्वारा यात्रा मार्ग पर संयुक्त निरीक्षण अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में मंगलवार को संबंधित विभागों की संयुक्त टीम ने गंगोत्री मार्ग स्थित आनंदगढ़ (गाजणा) क्षेत्र में शिव कांवड़ सेवा समिति, नया बाजार दिल्ली द्वारा संचालित भंडारों एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खाद्य सामग्री के भंडारण, निर्माण एवं वितरण व्यवस्था, रसोई की स्वच्छता, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, पेयजल उपलब्धता, खाद्य सामग्री की वैधता, खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन तथा आवश्यक लाइसेंस एवं अभिलेखों की गहन जांच की गई। अधिकारियों ने संचालकों को स्वच्छता बनाए रखने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण में व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
संयुक्त निरीक्षण में सहायक आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन प्रमोद रावत, जिला पूर्ति अधिकारी सुनील बड़ोनी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
इस दौरान शिव कांवड़ सेवा समिति के पदाधिकारियों अशोक, दिनेश, परवीन एवं लकी ने बताया कि समिति पिछले 16 वर्षों से आनंदगढ़ (गाजणा) में कांवड़ यात्रियों के लिए निःशुल्क भंडारे का संचालन कर रही है। समिति श्रद्धालुओं को भोजन, विश्राम, प्राथमिक चिकित्सा तथा आवश्यकता पड़ने पर आपातकालीन सहायता भी उपलब्ध करा रही है। इसके साथ ही चंबा क्षेत्र के 16 विद्यालयों के विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री भी वितरित की जाती है। समिति ने कांवड़ यात्रा के सफल संचालन में सहयोग के लिए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। यह सेवा शिविर 24 जुलाई से 5 अगस्त तक संचालित रहेगा।
