
देवप्रयाग टाईम्स
नरेन्द्र नगर/टिहरी गढ़वाल, 30 अगस्त26 हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती (राष्ट्रीय खेल दिवस) के अवसर पर जिला प्रशासन टिहरी और जिला खेल कार्यालय नरेंद्रनगर के तत्वावधान में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में जनपद के लगभग 300 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
आयोजन के तहत पूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में अंडर-16 बास्केटबॉल, अंडर-18 हैंडबॉल और ओपन हॉकी (बालक वर्ग) की स्पर्धाएं आयोजित हुईं। वहीं, बोराडी स्टेडियम में सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ओंकारानंद सरस्वती नीलम के प्रधानाचार्य श्री धीरेंद्र जोशी रहे। इस दौरान खेल विभाग के प्रशिक्षक वाहिद अहमद, अर्जुन प्रसाद, सनंत कुमार, अमित कुमार सहित अनेक गणमान्य नागरिक और खेलप्रेमी उपस्थित रहे।
समापन समारोह में खेल विभाग टिहरी द्वारा विजेता व उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें निरंतर खेल भावना से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
