हेलीकॉप्टर हादसे की खबर से सिहरे पुणे के धावड़े दंपति, देवप्रयाग पहुंच कर जताया गंगा व भगवान रघुनाथ का आभार

​देवप्रयाग टाईम्स 

​देवप्रयाग। बीते सप्ताह जोशीमठ में हुई हेलीकॉप्टर दुर्घटना की याद कर पुणे के धावड़े दंपति आज भी सिहर उठते हैं। हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालु चारधाम यात्रा के अंतिम पड़ाव बदरीनाथ में उनके साथ ही ठहरे हुए थे। सकुशल यात्रा पूरी होने पर धावड़े दंपति ने देवप्रयाग पहुंचकर मां गंगा और भगवान रघुनाथ जी का आशीर्वाद लिया।

​सेवानिवृत्त नौसेना अधिकारी राजेंद्र धावड़े, अपनी पत्नी एडवोकेट किरण धावड़े व चार अन्य साथियों के साथ 26 अक्टूबर को देहरादून से हेलीकॉप्टर द्वारा चारधाम यात्रा पर निकले थे। 29 अक्टूबर को केदारनाथ दर्शन के बाद वे बदरीनाथ पहुंचे और हेलीपैड के समीप स्थित एक होटल में ठहरे।

​धावड़े दंपति के अनुसार, ‘थंबी’ हेली सर्विस ने उन्हें 30 अक्टूबर की सुबह छह बजे वापसी के लिए तैयार रहने को कहा था। वहीं ‘ट्रांस भारत’ एविएशन कंपनी के यात्री भी सुबह से ही उड़ान के इंतजार में थे। दोपहर करीब पौने एक बजे मौसम में थोड़ा सुधार होने पर तीन हेलीकॉप्टरों ने एक-एक कर सहस्त्रधारा (देहरादून) के लिए उड़ान भरी, जिनमें ट्रांस भारत का हेलीकॉप्टर सबसे अंत में रवाना हुआ।

​उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद राजेंद्र धावड़े को कोल्हापुर निवासी उनके मित्र कुमार मुकदम का फोन आया, जिन्होंने हादसे की जानकारी दी। खबर मिलते ही बदरीनाथ में ठहरे श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया और सभी उड़ानें रद्द कर दी गईं। इस डर से उनके साथ आए चार अन्य साथी हेलीकॉप्टर की यात्रा छोड़ कार से ही देहरादून लौट गए।

​अगले दिन उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (युकाडा) से अनुमति मिलने के बाद थंबी हेली सर्विस ने उड़ान भरी। साथियों के चले जाने के कारण केवल धावड़े दंपति और पायलट ही हेलीकॉप्टर में थे। संतुलन बनाए रखने के लिए दोनों को अलग-अलग सीटों पर बैठना पड़ा। करीब 45 मिनट बाद जब हेलीकॉप्टर सहस्त्रधारा हेलीपैड पर उतरा, तब उन्होंने राहत की सांस ली।

​नौसेना के अपने मित्र राकेश घनसियाल व उनकी पत्नी पूजा से किए वादे के मुताबिक, धावड़े दंपति देहरादून से सीधे तीर्थ नगरी देवप्रयाग पहुंचे और भगवान रघुनाथ व मां गंगा का धन्यवाद कर अपनी सकुशल यात्रा पर आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9058520973, हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करे