
देवप्रयाग टाईम्स (गिरीश भट्ट )
टिहरी गढ़वाल, 29 अगस्त (न्यूज़ डेस्क): टिहरी गढ़वाल के जिला अस्पताल बौराड़ी स्थित होम्योपैथिक चिकित्सालय से इलाज कराकर टिहरी निवासी संजय कांसवाल ने अपनी लंबे समय से चली आ रही कान की गंभीर बीमारी से निजात पाई है।
संजय कांसवाल लंबे समय से कान के पर्दे में छेद और लगातार आवाजें आने की समस्या से परेशान थे। इस वजह से उनकी नींद और दिनचर्या बुरी तरह प्रभावित हो रही थी। विशेषज्ञ डॉक्टरों ने उन्हें ‘टैम्पैनोप्लास्टी’ (कान के पर्दे की सर्जरी) की सलाह दी थी। हालांकि, सर्जरी को लेकर आश्वस्त न होने के कारण उन्होंने जिला अस्पताल के होम्योपैथिक विभाग की चिकित्सक डॉ. बेला शाह से परामर्श लिया।
डॉ. बेला शाह के मार्गदर्शन में इलाज शुरू करने के मात्र 15 दिनों के भीतर ही मरीज को राहत महसूस होने लगी। 2 से 3 महीने के नियमित फॉलोअप और उपचार के बाद संजय अब पूरी तरह सहज और स्वस्थ महसूस कर रहे हैं।
राहत मिलने पर संजय कांसवाल ने डॉ. बेला शाह का आभार जताया। साथ ही उन्होंने प्रदेश में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और जनजागरूकता फैलाने के लिए मुख्यमंत्री का भी धन्यवाद किया। यह मामला प्रदेश में सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं और होम्योपैथिक चिकित्सा के प्रति बढ़ते जन-विश्वास की एक सकारात्मक मिसाल है।
