हर घर तिरंगा अभियान के तहत 14 अगस्त से चित्र प्रदर्शनी, मंत्री गणेश जोशी करेंगे उद्घाटन

देवप्रयाग टाईम्स (गिरीश भट्ट )

देवप्रयाग/टिहरी गढ़वाल, 13 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), देहरादून द्वारा न्यू टिहरी में 14 एवं 15 अगस्त को विशेष चित्र प्रदर्शनी और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। गुरुवार को जिलाधिकारी श्रीमती नितिका खंडेलवाल ने अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए सीबीसी के प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने जिलेवासियों से अपने घरों पर तिरंगा फहराकर अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

जिलाधिकारी ने बताया कि केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित प्रदर्शनी में ‘हर घर तिरंगा’, ‘वंदे मातरम्’ तथा ‘विभाजन की विभीषिका’ जैसे विषयों पर आधारित दुर्लभ चित्रों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रीय ध्वज की गौरवपूर्ण यात्रा और राष्ट्रभक्ति से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों को प्रदर्शित किया जाएगा।

केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून के कार्यक्रम अधिकारी अनिल दत्त शर्मा ने प्रेस वार्ता में बताया कि 14 अगस्त को सुबह तिरंगा रैली निकाली जाएगी। साथ ही प्रदर्शनी में आने वाले विद्यार्थियों के लिए विभिन्न रचनात्मक एवं जागरूकता प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिससे वे स्वतंत्रता आंदोलन, राष्ट्रीय ध्वज और देशभक्ति से जुड़े विषयों को रोचक ढंग से समझ सकें।

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी 14 अगस्त को ‘हर घर तिरंगा’ विषय पर आयोजित चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम के दौरान आमजन को तिरंगे के इतिहास, ‘वंदे मातरम्’ के राष्ट्रीय महत्व तथा विभाजन की विभीषिका से जुड़े ऐतिहासिक तथ्यों से परिचित कराया जाएगा।

कार्यक्रम अधिकारी ने जिलेवासियों से प्रदर्शनी का अधिक से अधिक संख्या में अवलोकन करने की अपील करते हुए कहा कि यह आयोजन नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देश के गौरवशाली इतिहास के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9058520973, हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करे