
देवप्रयाग टाईम्स (गिरीश भट्ट )
नई टिहरी में 77वें जन्मदिवस पर ‘उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और लोकजीवन’ विषय पर आयोजित हुई विचार गोष्ठी
देवप्रयाग | नई टिहरी, 13 अगस्त
गढ़रत्न एवं प्रख्यात लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी के 77वें जन्मदिवस के अवसर पर बुधवार शाम नई टिहरी स्थित क्रीड़ा भवन में “नरेंद्र सिंह नेगी के गीतों में उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और लोकजीवन” विषय पर एक भव्य विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद नई टिहरी के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। गोष्ठी में नेगी जी के दीर्घ संगीत सफर, लोकभाषा, लोककला और पहाड़ी संस्कृति को सहेजने में उनके अतुलनीय योगदान पर गहन चर्चा की गई।
“जब कोई लोकगायक आमजन की आवाज बनता है, तो वह जनगायक बन जाता है”
मुख्य अतिथि एवं नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड की कई पीढ़ियां नरेंद्र सिंह नेगी के गीतों को सुनकर बड़ी हुई हैं।
“आभासी (डिजिटल) दुनिया में पहाड़ का जीवन भले ही बेहद सुंदर दिखता हो, लेकिन असल जीवन कठिनाइयों और संघर्षों से भरा है। नेगी जी ने गांव के रिश्तों की आत्मीयता और पहाड़ के इस कठिन जीवन को बेहद सहजता से अपने गीतों में पिरोया है। जब कोई कलाकार समाज की आवाज बनता है, तो वह लोकगायक से जनगायक का दर्जा हासिल कर लेता है।” — मोहन सिंह रावत, अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद नई टिहरी
सामाजिक सरोकारों और पलायन का आईना हैं नेगी जी के गीत
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने कहा कि नरेंद्र सिंह नेगी के गीत उत्तराखंड के सामाजिक जीवन का आईना हैं। उनके गीतों में प्रेम और प्रकृति के साथ-साथ पहाड़ की सामाजिक परिस्थितियां, गांव का जीवन, पलायन और ज्वलंत मुद्दे प्रमुखता से झलकते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि नेगी जी ने जिन सामाजिक मुद्दों को उठाया, उनसे वे कभी भटके नहीं। यही कारण है कि देश-विदेश में बैठा हर उत्तराखंडी उनके गीतों में अपनी मिट्टी, गांव, परंपराओं और व्यक्तिगत अनुभवों की कहानी महसूस करता है।
नई पीढ़ी तक लोकसंस्कृति पहुंचाने में अहम भूमिका
- गोष्ठी में उपस्थित वक्ताओं ने एक सुर में कहा कि नेगी जी ने गढ़वाली भाषा और लोकधुनों को वैश्विक पहचान दिलाने के साथ-साथ हमारी लोकसंस्कृति को नई पीढ़ी तक हस्तांतरित करने का ऐतिहासिक काम किया है
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी कमलेश मेहता, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी केशव गैरोला, सीएम थपलियाल, वरिष्ठ पत्रकार एवं रंगकर्मी महिपाल सिंह नेगी, विकास पैन्यूली और प्रीतम सिंह सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
