
देवप्रयाग टाईम्स 5 अगस्त26
देवप्रयाग/टिहरी गढ़वाल। (गिरीश भट्ट)भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद टिहरी गढ़वाल में चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत नोटिसों की सुनवाई और निस्तारण का कार्य तेज गति से जारी है। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल स्वयं इस पूरे अभियान की प्रगति की लगातार मॉनिटरिंग कर रही हैं।
मंगलवार (04 अगस्त) तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, जिले की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1,17,501 नोटिसों के सापेक्ष 1,07,712 नोटिस वितरित किए जा चुके हैं। विभिन्न क्षेत्रों में अब तक 5,230 मामलों में सुनवाई पूरी हो चुकी है, जबकि समयावधि पूर्ण होने के कारण वर्तमान में 814 मामले लंबित हैं, जिनका नियमानुसार त्वरित निस्तारण किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, पात्रता को लेकर प्राप्त आपत्तियों व अभ्यावेदनों का भी निष्पक्ष परीक्षण जारी है।
अभियान की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) को निर्देश दिए कि प्रत्येक मामले का निस्तारण पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्धता के साथ सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी पात्र मतदाता को असुविधा का सामना न करना पड़े।
विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में सुनवाई जारी निर्धारित रोस्टर के तहत बुधवार (05 अगस्त) को जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न मतदेय स्थलों पर सुनवाई की प्रक्रिया गतिमान रही। इसके अंतर्गत:
- नरेंद्रनगर: 15 स्थान
- प्रतापनगर: 13 स्थान
- देवप्रयाग: 12 स्थान
- धनोल्टी: 11 स्थान
- टिहरी: 10 स्थान
- घनसाली: 09 स्थान
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का जल्द से जल्द निस्तारण कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर अभियान को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।
