
देवप्रयाग टाईम्स 5 अगस्त26
खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच, सितंबर से शुरू होगी मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी
देवप्रयाग/टिहरी (गिरीश भट्ट )खेल प्रतिभाओं को तराशने और उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले खेल महाकुंभ-2026 और मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी की तैयारियां तेज हो गई हैं। बुधवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रतियोगिताओं के सफल व सुव्यवस्थित आयोजन के लिए विभागीय जिम्मेदारियां तय की गईं।
सितंबर से अक्टूबर तक चरणबद्ध आयोजन युवा कल्याण अधिकारी रविन्द्र सिंह फोनिया ने बताया कि खेल महाकुंभ-2026 का आयोजन सितंबर से अक्टूबर 2026 तक चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। इसमें अंडर-14 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक-बालिका खिलाड़ियों के अलावा महिला, पुरुष ओपन तथा दिव्यांगजन वर्ग के खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि खेल महाकुंभ के लिए गठित सभी समितियां 15 अगस्त तक अपनी बैठकें पूरी कर तैयारियां अंतिम रूप में पहुंचाएं। साथ ही खेल एवं युवा कल्याण विभाग को अन्य खेल आयोजनों का रोस्टर जारी करने के निर्देश दिए गए, ताकि तिथियों में कोई टकराव न हो।
प्रतियोगिताओं का प्रस्तावित कार्यक्रम
- न्याय पंचायत स्तर: 1 से 10 सितंबर (स्थानीय जनप्रतिनिधियों की देखरेख में)
- विधानसभा क्षेत्र स्तर (विधायक चैम्पियनशिप ट्रॉफी): 11 से 20 सितंबर
- संसदीय क्षेत्र स्तर (सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी): 21 से 30 सितंबर
- राज्य स्तर (मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी): 30 अक्टूबर 2026 तक
स्वास्थ्य सुविधाएं और मैदानी समन्वय अनिवार्य सीडीओ वरुणा अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि आयोजन में खेल, शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रहेगी। सभी खेल मैदानों पर प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड), एंबुलेंस और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं हर समय तैनात रहेंगी। इसके अलावा पंचायती राज एवं ग्राम्य विकास विभाग के न्याय पंचायत स्तरीय कार्मिकों को प्रतियोगिताओं के सुचारू संचालन में पूरा सहयोग देने के निर्देश जारी किए गए हैं।
बैठक में पुलिस उपाधीक्षक महेश लखेड़ा, एसीएमओ डॉ. बृजेश डोभाल, जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपक रावत, शिक्षा विभाग से प्रधानाचार्य अवतार सिंह राणा, सहायक पंचायती राज अधिकारी ऋषि राम उनियाल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी व ब्लॉक समन्वयक उपस्थित रहे।
