
देवप्रयाग टाईम्स
देवप्रयाग नरेंद्रनगर (टिहरी)। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने सोमवार को तहसील नरेंद्रनगर के अंतर्गत ग्राम ओणी (राजस्व ग्राम तलाई) पहुंचकर धान की फसल की क्रॉप कटिंग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खेत में उतरकर ग्रामीणों के साथ स्वयं धान की कटाई व मड़ाई की और उपज का जायजा लिया। साथ ही, उन्होंने संबंधित किसान से फसल की स्थिति व पैदावार के संबंध में जानकारी ली।
राजस्व विभाग द्वारा कृषक जोत सिंह पुण्डीर के खेत में 10 \times 3 वर्ग मीटर का प्लॉट तैयार कर क्रॉप कटिंग का प्रयोग किया गया, जिसमें 8 किलो 955 ग्राम धान प्राप्त हुआ। निर्धारित प्रक्रिया के तहत फसल को सुखाने के 15 दिन बाद उपज का अंतिम व वास्तविक आकलन किया जाएगा। क्रॉप कटिंग की पूरी प्रक्रिया को ‘सीसीई एग्री ऐप’ के माध्यम से ऑनलाइन दर्ज किया गया।
जिलाधिकारी ने किसान से धान की किस्म और बीज के संबंध में जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्रॉप कटिंग के प्रयोग निर्धारित मानकों के अनुसार पूरी पारदर्शिता व सटीकता से संपन्न कराएं।
डीएम ने बताया कि क्रॉप कटिंग से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर ही जनपद में फसलों की औसत उपज और कुल उत्पादन का वैज्ञानिक आकलन किया जाता है। इन आंकड़ों की भूमिका फसल क्षति की स्थिति में किसानों को मुआवजा दिलाने तथा फसल बीमा की राशि निर्धारित करने में अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। इसके अलावा, उन्होंने अधिकारियों को इच्छुक किसानों को विभागीय योजनाओं का प्राथमिकता से लाभ दिलाने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी नरेंद्रनगर आशीष चन्द्र घिल्डियाल, डीपीआरओ एम.एम. खान, एडीपीआरओ राकेश शर्मा, कानूनगो राय सिंह, पटवारी विनोद राणा सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे।
