स्वतंत्रता दिवस से पूर्व डीएम ने चलाया वृहद स्वच्छता अभियान, स्वयं किया श्रमदान

देवप्रयाग टाईम्स (गिरीश भट्ट )

देवप्रयाग/टिहरी गढ़वाल, 12 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य एवं दिव्य रूप से आयोजित करने तथा सरकारी कार्यालयों एवं परिसरों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से बुधवार सुबह जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के नेतृत्व में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। सुबह आठ बजे शुरू हुए अभियान में जिलाधिकारी ने स्वयं श्रमदान कर अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी एवं जागरूकता का संदेश दिया।

अभियान के तहत स्वास्थ्य, पूर्ति, श्रम, सिंचाई, उत्तराखंड वन विकास निगम, वन तथा दुग्ध विभाग सहित विभिन्न सरकारी कार्यालयों और उनके परिसरों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। लंबे समय से उगी झाड़ियों की कटाई की गई तथा कार्यालय परिसरों में जमा कूड़ा-कचरा, अनुपयोगी सामग्री और अन्य अपशिष्ट हटाए गए। अभियान के दौरान लगभग तीन ट्रक कूड़ा-कचरा एकत्र कर डंपिंग जोन भेजा गया।

जिलाधिकारी ने विभिन्न कार्यालय परिसरों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने वन विभाग और स्वास्थ्य विभाग कार्यालय परिसर सहित सड़क किनारे जमा मिट्टी-पत्थर के ढेर को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी प्रकार की गंदगी या अनुपयोगी सामग्री जमा नहीं होनी चाहिए।

स्वास्थ्य विभाग कार्यालय के बाहर बंद पड़ी कैंटीन का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को उसके अंदर और बाहर मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए, ताकि भवन का विभागीय उपयोग किया जा सके। वहीं सिंचाई विभाग एवं संयुक्त कार्यालय भवन की टपकती छत और अन्य आवश्यक मरम्मत कार्यों को नियमानुसार शीघ्र कराने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि स्वच्छ, स्वस्थ और जिम्मेदार समाज के निर्माण का संकल्प लेने का अवसर भी है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से अपने कार्यालयों एवं आसपास के क्षेत्रों को नियमित रूप से स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता को दैनिक कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। अभियान के बाद उन्होंने विभिन्न कार्यालयों में कार्मिकों की उपस्थिति भी जांची और नियमित स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर नगर पालिका परिषद नई टिहरी के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, जिला पूर्ति अधिकारी सुनील बडोनी, अधिशासी अभियंता सिंचाई विजय पाल, अधिशासी अधिकारी वासुदेव डंगवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9058520973, हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करे