
देवप्रयाग टाईम्स (गिरीश भट्ट )
देवप्रयाग/टिहरी गढ़वाल, 12 अगस्त 2026। जनपद के बेरोजगार युवाओं के लिए सुरक्षा जवान के पदों पर भर्ती का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। जिला सेवायोजन अधिकारी लक्ष्मी यादव ने बताया कि एसआईएस सिक्योरिटी (एसआईएस इंडिया लिमिटेड), देहरादून के सहयोग से 17 अगस्त से 7 सितम्बर 2026 तक जनपद के सभी विकासखण्डों में भर्ती शिविर आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि भर्ती में भाग लेने के लिए अभ्यर्थी की न्यूनतम शैक्षिक योग्यता 10वीं पास अथवा फेल, न्यूनतम ऊंचाई 165 सेंटीमीटर, आयु 18 से 40 वर्ष तथा न्यूनतम वजन 50 किलोग्राम निर्धारित किया गया है। भर्ती के लिए पंजीकरण शुल्क 350 रुपये रखा गया है, जो केवल चयनित अभ्यर्थियों से ही लिया जाएगा।
चयनित अभ्यर्थियों को एसआईएस ट्रेनिंग एकेडमी, देहरादून में एक माह का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान प्रति अभ्यर्थी 10,900 रुपये प्रशिक्षण शुल्क लिया जाएगा, जिसमें भोजन, आवास एवं वर्दी की सुविधा शामिल रहेगी। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद सुरक्षा जवानों को 15,000 से 30,000 रुपये प्रतिमाह तक वेतन प्रदान किया जाएगा।
भर्ती शिविरों का आयोजन प्रातः 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक संबंधित खण्ड विकास कार्यालयों में किया जाएगा। कार्यक्रम के अनुसार 17 एवं 18 अगस्त को जौनपुर, 19 एवं 20 अगस्त को थौलधार, 21 एवं 22 अगस्त को प्रतापनगर, 24 एवं 25 अगस्त को भिलंगना, 26 एवं 27 अगस्त को कीर्तिनगर, 29 एवं 30 अगस्त को देवप्रयाग, 31 अगस्त एवं 1 सितम्बर को जाखणीधार, 2 एवं 3 सितम्बर को चम्बा तथा 5 से 7 सितम्बर तक नरेंद्रनगर में भर्ती शिविर आयोजित होंगे।
जिला सेवायोजन अधिकारी ने संबंधित विकासखण्ड कार्यालयों से भर्ती शिविरों के सफल आयोजन में आवश्यक सहयोग प्रदान करने की अपेक्षा की है। इच्छुक अभ्यर्थी अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 7905086105 पर संपर्क कर सकते हैं।
खबर -2
टिहरी गढ़वाल में SVEEP के तहत चुनावी जागरूकता कार्यशाला आयोजित
टिहरी गढ़वाल, 12 अगस्त 2026। विधानसभा क्षेत्र 14-धनोल्टी के अंतर्गत तहसील नैनबाग के भाग संख्या-39 स्थित राजकीय इंटर कॉलेज गरखेत में निर्वाचन आयोग के मतदाता जागरूकता कार्यक्रम SVEEP (Systematic Voters’ Education and Electoral Participation) के तहत चुनावी जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला में स्वीप प्रभारी, विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण तथा बीएलओ द्वारागढ़ एवं बीएलओ कुदाऊ ने प्रतिभाग किया। इस दौरान विद्यार्थियों को मतदान के महत्व, लोकतांत्रिक व्यवस्था में नागरिकों की भूमिका तथा जागरूक एवं जिम्मेदार मतदाता के कर्तव्यों की विस्तृत जानकारी दी गई।
मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निबंध एवं भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने लोकतंत्र, मतदान और मतदाता जागरूकता से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) का गठन भी किया गया। क्लब के माध्यम से विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता अधिकारों तथा लोकतांत्रिक सहभागिता से संबंधित गतिविधियों से निरंतर जोड़ा जाएगा।
कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को मतदान के प्रति प्रेरित करना तथा उनके माध्यम से समाज में जागरूक, जिम्मेदार और सशक्त लोकतंत्र की भावना का प्रसार करना रहा।
