
देवप्रयाग टाईम्स( गिरीश भट्ट )
देवप्रयाग/टिहरी गढ़वाल, 12 अगस्त। राजकीय महाविद्यालय खाड़ी, टिहरी गढ़वाल में अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर रेड क्रॉस समिति एवं इतिहास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में राज्य स्तरीय एक दिवसीय कार्यशाला का हाइब्रिड मोड में आयोजन किया गया। कार्यशाला का विषय “युवा शक्ति, राष्ट्र निर्माण और सामाजिक उत्तरदायित्व” रहा, जिसमें प्रदेशभर से शिक्षकों, शोधार्थियों एवं छात्र-छात्राओं ने ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं अतिथि परिचय के साथ हुआ। मुख्य वक्ता पर्यावरणीय पुरातत्व विशेषज्ञ प्रो. योगाम्बर सिंह फर्सवाण (हेमवती नन्दन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय, श्रीनगर) ने युवाओं की राष्ट्र निर्माण में भूमिका तथा सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर विस्तार से विचार रखे।
विशिष्ट वक्ता राहुल डबराल, राज्य निदेशक, मेरा भारत, उत्तराखंड ने युवाओं को सामाजिक जागरूकता, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित किया। वहीं, उत्तराखंड रेड क्रॉस सोसाइटी, देहरादून के अध्यक्ष ओंकार बहुगुणा ने मानव सेवा, आपदा प्रबंधन एवं रेड क्रॉस की गतिविधियों में युवाओं की सक्रिय भागीदारी पर प्रकाश डाला। सेवानिवृत्त प्राचार्य प्रो. जानकी पंवार ने नैतिक मूल्यों, शिक्षा और सामाजिक उत्तरदायित्व को युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का आधार बताया।
कार्यक्रम की संयोजक एवं इतिहास विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. ईरा सिंह ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि युवाओं की सकारात्मक ऊर्जा राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है और उन्हें समाजोपयोगी कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अरुण कुमार सिंह ने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि युवा जागरूकता, सामाजिक संवेदनशीलता और राष्ट्रीय चरित्र निर्माण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, शोधार्थियों एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। समापन अवसर पर राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. अजीत सिंह ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर आयोजित निबंध एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
