
देवप्रयाग टाईम्स 30 जुलाई 2026
देवप्रयाग /टिहरी जनपद टिहरी गढ़वाल में भारी बारिश की चेतावनी के बीच सुरक्षा के दृष्टिगत प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। ‘मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना’ के तहत आयोजित होने वाले सभी जिला स्तरीय चयन ट्रायल एवं प्रतियोगिताओं को अग्रिम आदेशों तक स्थगित कर दिया गया है।
जिला खेल अधिकारी दीपक रावत ने बताया कि बौराड़ी स्टेडियम, नई टिहरी में 29 जुलाई से 1 अगस्त 2026 तक 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए चयन प्रक्रिया आयोजित की जानी थी। किंतु, मौसम विभाग और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जनपद में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा, गर्जन और आकाशीय बिजली की चेतावनी (ऑरेंज अलर्ट) जारी की गई है। सुरक्षा कारणों से शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित होने के साथ ही खेल प्रतियोगिताओं को भी रोक दिया गया है।
मुख्य विकास अधिकारी (CDO) टिहरी गढ़वाल के निर्देशों के बाद वर्तमान मौसम परिस्थितियों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
छात्रवृत्ति के लिए होना था चयन वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित इस चयन प्रक्रिया के माध्यम से जिले भर से कुल 300 उदीयमान खिलाड़ियों (150 बालक एवं 150 बालिकाएं) का चयन किया जाना है। इस योजना के अंतर्गत चयनित होने वाले प्रत्येक खिलाड़ी को ₹1500 प्रति माह की खेल छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
नई तिथियों की जल्द होगी घोषणा जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जैसे ही मौसम सामान्य होगा, चयन ट्रायल और प्रतियोगिताओं की नई तिथियों की सूचना अलग से जारी कर दी जाएगी। खेल विभाग ने अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों से नई सूचना का इंतजार करने की अपील की है।
