
- देवप्रयाग टाईम्स (गिरीश भट्ट )
देवप्रयाग/टिहरी गढ़वाल, 4 अगस्त26। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की प्रगति को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, अपात्र प्रविष्टियों को हटाने, प्राप्त प्रपत्रों के सत्यापन तथा दावे एवं आपत्तियों की सुनवाई की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्धता के साथ पुनरीक्षण कार्य संपन्न करने के निर्देश दिए।
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव दिए तथा एसआईआर अभियान के अंतर्गत अपने-अपने दलों द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी साझा की।
बैठक में बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद की छह विधानसभा क्षेत्रों—घनसाली, देवप्रयाग, नरेंद्रनगर, प्रतापनगर, टिहरी और धनोल्टी—के 994 मतदान केंद्रों पर कुल 4,63,628 प्रारूप मतदाताओं की सूची का पुनरीक्षण किया जा रहा है। इस दौरान प्रारूप नामावली से 43,625 मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। बीएलओ द्वारा 1,17,501 नोटिस जारी किए गए, जिनमें से 92,473 नोटिस (करीब 79 प्रतिशत) संबंधित मतदाताओं को वितरित किए जा चुके हैं।
दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण के लिए जनपद में 72 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की तैनाती की गई है। चार विधानसभा क्षेत्रों में सुनवाई 3 अगस्त से तथा शेष दो विधानसभा क्षेत्रों में 4 अगस्त से शुरू हो चुकी है। पुनरीक्षण प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए राजनीतिक दलों की सहभागिता भी सुनिश्चित की गई है।
बैठक में बताया गया कि 14 मई 2026 से अब तक जनपद में फॉर्म-6 के 3,085, फॉर्म-6ए के 3, फॉर्म-7 के 50 तथा फॉर्म-8 के 1,462 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिन पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं से अपील की कि यदि उनके नाम, पते अथवा अन्य विवरण में कोई त्रुटि है या कोई दावा अथवा आपत्ति प्रस्तुत करनी है तो निर्धारित अवधि के भीतर संबंधित बीएलओ, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अथवा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के समक्ष आवेदन अवश्य प्रस्तुत करें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी, सहायक निर्वाचन अधिकारी विजय तिवारी तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि सुशील पाण्डेय, मुरारी लाल खंडवाल, गबर सिंह, जयेन्द्र पंवार और राजेन्द्र डोभाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
