
देवप्रयाग टइम्स( गिरीश भट्ट) 11 अगस्त 26
देवप्रयाग/टिहरी गढ़वाल: जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के तहत मतदाता सूचियों के शुद्धि
करण, नोटिस तामीली एवं सुनवाई की प्रगति को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने की।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि एसआईआर के अंतर्गत सभी पात्र मतदाताओं को सुनवाई का पूरा अवसर प्रदान किया जा रहा है और तय समय-सीमा के भीतर सभी मामलों का पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाताओं को जागरूक कर प्रक्रिया में सहयोग करें।
अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने आंकड़ों की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में प्रारूप निर्वाचक नामावली से हटाए गए 43,625 मतदाताओं के संबंध में प्रक्रिया जारी है। विसंगति एवं अनमैप श्रेणी के 1,17,501 मतदाताओं को निर्वाचन विभाग ने नोटिस प्रेषित किए हैं। इन सभी प्रकरणों पर विधानसभा स्तर पर सुनवाई चल रही है, जिसकी अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 तय की गई है।
विधानसभा वार सुनवाई की स्थिति जनपद में अब तक कुल 34,406 मामलों की सुनवाई पूर्ण हो चुकी है:
देवप्रयाग: 8,423 धनोल्टी: 8,096 नरेंद्रनगर: 6,462 टिहरी: 5,053 प्रतापनगर: 3,675 घनसाली: 2,697
बैठक में अधिकारियों ने फॉर्म-6 (नया नाम जोड़ना), फॉर्म-7 (नाम विलोपन) और फॉर्म-8 (संशोधन) से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। एडीओ पंचायत निर्वाचन विजय तिवारी ने बताया कि नए पात्र मतदाताओं के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 का व्यापक प्रचार-प्रसार अनिवार्य है, ताकि 18 वर्ष पूर्ण कर चुके युवा मताधिकार से वंचित न रहें।
बैठक में डीडीओ मो. असलम, प्रशासनिक अधिकारी जवाहर सिंह, कांग्रेस प्रतिनिधि गब्बर सिंह, भाजपा मीडिया प्रभारी राजेंद्र डोभाल, भाजपा नेता जयेंद्र पंवार सहित कई राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
