
देवप्रयाग टाईम्स 25 जुलाई 26
देवप्रयाग/नई टिहरी, अमर शहीद श्रीदेव सुमन के बलिदान दिवस पर शनिवार को जनपद टिहरी गढ़वाल में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ श्रीदेव सुमन स्मृति दिवस मनाया गया। जिला कारागार नई टिहरी स्थित स्मृति स्थल पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, छात्र-छात्राओं, सामाजिक संगठनों एवं स्थानीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर श्रद्धासुमन अर्पित किए। स्मृति स्थल पर श्रीदेव सुमन की ऐतिहासिक बेड़ियां भी प्रदर्शित की गईं। विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने मार्चपास्ट कर ‘अमर शहीद श्रीदेव सुमन अमर रहें’ के नारों से वातावरण को देशभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया।
मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने कहा कि श्रीदेव सुमन का जीवन सत्य, न्याय और जनाधिकारों के लिए संघर्ष का प्रेरणास्रोत है। वहीं नगर पालिका परिषद नई टिहरी के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने कहा कि उनके आदर्शों को अपनाना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर जिला कारागार परिसर में वृक्षारोपण किया गया तथा स्वयं सहायता समूहों और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया गया। स्मृति दिवस के तहत आयोजित मैराथन प्रतियोगिता को मुख्य विकास अधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए।
प्रतियोगिता के अंडर-14 बालिका वर्ग में अंजली रतूड़ी, अंडर-14 बालक वर्ग में फैजल, ओपन बालिका वर्ग में मानसी तथा ओपन बालक वर्ग में अनूप ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
गौरतलब है कि अमर शहीद श्रीदेव सुमन ने तत्कालीन टिहरी रियासत में जनाधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की स्थापना के लिए संघर्ष करते हुए 84 दिन के आमरण अनशन के बाद 25 जुलाई 1944 को अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे। उनकी स्मृति में प्रत्येक वर्ष 25 जुलाई को प्रदेशभर में श्रीदेव सुमन स्मृति दिवस मनाया जाता है।
कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी मो. असलम, अपर पुलिस अधीक्षक दीपक, उप जिलाधिकारी कमलेश मेहता, जेल अधीक्षक अभिलाष गैरोला, तहसीलदार धीरज राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
