
देवप्रयाग टाइम्स/ गिरीश भट्ट /सितंबर 26
टिहरी गढ़वाल। पर्यटन मंत्रालय (भारत सरकार) के अधीन संचालित भारतीय स्कीइंग एवं पर्वतारोहण संस्थान (IISM), गुलमर्ग द्वारा प्रसिद्ध टिहरी झील में वाटर स्कीइंग के विभिन्न प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
संस्थान द्वारा इस सत्र में वाटर स्कीइंग के तीन प्रमुख स्तरों—बेसिक, इंटरमीडिएट और एडवांस—के लिए कोर्स संचालित किए जा रहे हैं। देश के विभिन्न राज्यों से कुल 28 प्रतिभागियों ने इन कोर्सों के लिए नामांकन कराया था, जिनमें से 24 प्रतिभागियों ने टिहरी पहुंचकर प्रशिक्षण शुरू कर दिया है।
संस्थान के अनुसार, टिहरी झील का स्वच्छ जल और अनुकूल भौगोलिक स्थिति वाटर स्पोर्ट्स के लिए बेहद उपयुक्त है। इसी क्षमता को देखते हुए पर्यटन मंत्रालय ने इस वर्ष भी यहाँ प्रशिक्षण कार्यक्रम जारी रखने का निर्णय लिया है।
उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देना मुख्य लक्ष्य IISM गुलमर्ग के प्रधानाचार्य कर्नल ईश्वर सिंह थापा (सेना मेडल, विशिष्ट सेवा मेडल) ने बताया कि संस्थान का मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड में एडवेंचर टूरिज्म को नई ऊंचाइयों पर ले जाना है। इसी योजना के तहत इस वर्ष उत्तराखंड में कुल पांच पाठ्यक्रमों को मंजूरी दी गई है, जिनमें टिहरी झील में तीन वाटर स्कीइंग कोर्स और ऋषिकेश में दो रिवर राफ्टिंग कोर्स शामिल हैं।
इस अवसर पर आईआईएसएम गुलमर्ग की सहायक निदेशक रेनू बामरारा, कोर्स इंचार्ज प्रवीण सिंह, इंस्ट्रक्टर अरविंद, खलील, शबीर सहित प्रशिक्षण ले रहे छात्र इश्वीन, अमलेश, कुश, निकिता, अस्मित मित्तल, नेहा जोशी, गौरी, वर्षा अग्रवाल और अनुराग पांडे उपस्थित रहे।
