
देवप्रयाग टाईम्स (गिरीश भट्ट )
टिहरी गढ़वाल, 08 सितंबर26जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जिला सहकारी विकास समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि विपणन अवसंरचना एवं कृषि अवसंरचना कोष (AIF) के अभिसरण से पैक्स हेतु अन्न भंडारण योजना के अंतर्गत चयनित समितियों तथा गोदाम निर्माण प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की गई।
सहायक निबंधक (कोऑपरेटिव) पान सिंह राणा ने बताया कि अन्न भंडारण योजना के तहत जनपद की मंजगांव, म्याणी, ढालवाला, कमांद एवं कोड़ियाला समितियों का चयन किया गया है। एमपैक्स कोड़ियाला के पूर्व प्रस्तावित स्थल तक मुख्य मार्ग से 20 मीटर के ट्रैक पर पर्याप्त रास्ता न होने के कारण अब ग्राम पंचायत ‘नाई’ में नया स्थल चयनित किया गया है। यह नया स्थल मुख्य मार्ग से जुड़ा है और समिति के केंद्र बिंदु पर स्थित है। जिलाधिकारी ने इस नए स्थल के निरीक्षण की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के साथ ही एसडीएम नरेंद्रनगर को भी मौके की आख्या देने के निर्देश दिए।
बैठक में जनपद में लक्षित 5 ‘प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों’ (मलेथा, चंबा, मुखेम, चामाकेमर और ढालवाला) की प्रगति भी आंकी गई।
- स्वीकृति व लाइसेंस: 4 केंद्रों को प्रारंभिक व सैद्धांतिक स्वीकृति मिल चुकी है, जबकि मलेथा, चंबा और ढालवाला को ड्रग लाइसेंस व स्टोर कोड जारी हो चुके हैं।
- बिक्री के आंकड़े: मलेथा केंद्र में ₹1,44,329 मूल्य की दवाइयां खरीदी गईं, जिनमें से ₹1,21,702 की दवाइयां बेची जा चुकी हैं।
जिलाधिकारी ने शेष बची प्रक्रियाओं को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही सीएससी (CSC) केंद्रों में मेडिकल सेवाओं और व्यवसाय वृद्धि की समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने को कहा।
बैठक में सीडीओ वरुणा अग्रवाल, आईएएस प्रशिक्षु ज्योति, एडीएम शैलेंद्र नेगी, डीडीओ मो. असलम और जिला पूर्ति अधिकारी सुनील बडोनी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
