
देवप्रयाग टाईम्स ( गिरीश भट्ट )
देवप्रयाग/ नई टिहरी 13 अगस्त, 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान और मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में संचालित ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गुरुवार को नई टिहरी में एक भव्य तिरंगा बाइक एवं साइकिल रैली का सफल आयोजन किया गया। देशभक्ति के रंगों में रंगी इस यात्रा में स्कूली छात्र-छात्राओं, युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया।
यह रैली डाइजर से प्रारंभ होकर हनुमान चौक और साईं चौक होते हुए बौराड़ी तक पहुँची। हाथों में राष्ट्रध्वज थामे प्रतिभागियों के गगनभेदी देशभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। रैली के माध्यम से आमजन को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का सशक्त संदेश दिया गया।
अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
रैली का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत तथा उपजिलाधिकारी (SDM) कमलेश मेहता ने संयुक्त रूप से डाइजर से हरी झंडी दिखाकर किया।
“तिरंगा केवल एक ध्वज मात्र नहीं है, बल्कि यह हमारी आन-बान-शान के साथ राष्ट्रीय एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। सभी प्रदेशवासी 15 अगस्त को अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराकर इस राष्ट्रीय पर्व में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।” — मोहन सिंह रावत, नगर पालिका अध्यक्ष, टिहरी
अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों का विशेष योगदान रहा। रैली के दौरान जिला युवा कल्याण अधिकारी रविंद्र सिंह फोनिया, तहसीलदार धीरज राणा, व्यायाम प्रशिक्षक ममता भट्ट, भाजपा नेता जयेंद्र पंवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।
