प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने वीसी के माध्यम से जनपद में आपदा प्रबंधन एवं राहत कार्यों की समीक्षा की

देवप्रयाग टाईम्स( गिरीश भट्ट )

देवप्रयाग/टिहरी गढ़वाल, 12 अगस्त 2026। कैबिनेट मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनपद में मानसून सीजन के दौरान आपदा प्रबंधन, राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं की समीक्षा की। कलेक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष से जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने जनपद में आपदा से हुई क्षति, प्रभावित परिसंपत्तियों तथा राहत एवं पुनर्स्थापन कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।

जिलाधिकारी ने बताया कि मानसून के दौरान जनपद में तीन भवन पूर्णतः तथा 136 आवास आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। क्षतिग्रस्त 26 पेयजल लाइनों में से अधिकांश को पुनः सुचारू कर दिया गया है। इसके अलावा सड़क, विद्युत, संचार, जनहानि, पशुहानि तथा अन्य प्रभावित परिसंपत्तियों की स्थिति और राहत कार्यों की जानकारी भी प्रभारी मंत्री को दी गई।

समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने नदी तटबंधों, बाढ़ नियंत्रण कार्यों, सड़क मार्गों, पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति, संचार व्यवस्था, एंबुलेंस सेवाओं, हेलीपैड, राशन वितरण तथा चारधाम और कांवड़ यात्रा की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून के दौरान सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बनाए रखें।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में सात बाढ़ चौकियां सक्रिय हैं तथा 39 हेलीपैड उपलब्ध हैं। सुरक्षा की दृष्टि से राफ्टिंग गतिविधियां तीन माह के लिए स्थगित हैं और सितंबर से पुनः शुरू की जाएंगी। दूरस्थ क्षेत्रों में खाद्यान्न की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए तीन माह का राशन अग्रिम रूप से वितरित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि आपदा की स्थिति में त्वरित सूचना एवं समन्वय के लिए आईसीआरएस सक्रिय है। पशु चिकित्सकों की टीमें घर-घर जाकर पशुओं के स्वास्थ्य की जांच कर रही हैं। जनपद में कुल 32 एंबुलेंस उपलब्ध हैं, जिनमें 108 सेवा के 22 वाहन सक्रिय हैं।

नगर निकायों में नालियों की नियमित सफाई और चारधाम यात्रा मार्ग पर शौचालयों की स्वच्छता की लगातार निगरानी की जा रही है। प्रत्येक सप्ताह फोटोग्राफ के माध्यम से समीक्षा भी की जा रही है। जिलाधिकारी ने बताया कि पिछले एक सप्ताह में जनपद का कोई भी राष्ट्रीय राजमार्ग बंद नहीं हुआ है तथा कहीं भी मार्ग बाधित होने पर संबंधित विभाग तत्काल यातायात सुचारू करा रहे हैं।

प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने निर्देश दिए कि सड़क, पेयजल, विद्युत एवं संचार जैसी आवश्यक सेवाएं निर्बाध रूप से संचालित रहें। साथ ही राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो, इसके लिए पर्याप्त मशीनरी, मानव संसाधन तथा बाढ़ चौकियों को हर समय सक्रिय रखा जाए। उन्होंने प्रभावित परिसंपत्तियों के पुनर्निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, अधीक्षण अभियंता लोनिवि के. एस. नेगी, अधिशासी अभियंता लोनिवि दीपक कुमार, अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई ब्रिजेश गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9058520973, हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करे