
देवप्रयाग टाईम्स 03 अगस्त 2026
देवप्रयाग/टिहरी गढ़वाल जिला चिकित्सालय बौराड़ी, नई टिहरी में सोमवार को एक दिवसीय विशेष स्वास्थ्य शिविर का भव्य आयोजन किया गया। शिविर का आधिकारिक शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्य मंत्री चारू कोठारी एवं टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न ग्रामीण व शहरी इलाकों से पहुंचे 800 से अधिक मरीजों ने अपना पंजीकरण कराया और निःशुल्क विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाया।
एक ही छत के नीचे मिलीं तमाम विशेषज्ञ सुविधाएं
शिविर में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ डॉक्टर तैनात रहे। जिनमें मुख्य रूप से सर्जन, ऑर्थोपेडिक सर्जन, नेत्र रोग, ईएनटी (कान-नाक-गला), स्त्री रोग, मनोरोग, दंत रोग, फिजीशियन, बाल रोग विशेषज्ञ, रेडियोलॉजिस्ट एवं पैथोलॉजिस्ट शामिल थे।
विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा मरीजों की गहन स्वास्थ्य जांच व स्क्रीनिंग की गई। साथ ही, आवश्यकतानुसार मरीजों को परामर्श, दवाएं और विभिन्न पैथोलॉजिकल व रेडियोलॉजिकल जांचों की सुविधा मौके पर ही उपलब्ध कराई गई।
समय पर पहचान और त्वरित उपचार प्राथमिकता
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों और स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य आम जनता को एक ही स्थान पर सभी विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान कर उनका त्वरित और सही उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
इनकी रही गरिमामयी मौजूदगी
इस स्वास्थ्य शिविर के सफल संचालन में चिकित्सालय प्रशासन का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमित राय, डॉ. रोबी जोशी, डॉ. यश मोहन सोनी, डॉ. मिथुन विश्वास, डॉ. नितेश, डॉ. जफीर, डॉ. रुच्चा, डॉ. नीरज, डॉ. प्रियंका, डॉ. वरुण रावत समेत स्वास्थ्य विभाग के कई अन्य डॉक्टर, अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
