
देवप्रयाग टाईम्स गिरीश भट्ट 03 अगस्त26
देवप्रयाग / टिहरी गढ़वाल, आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में ‘जनता मिलन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनता की कुल 80 शिकायतें व मांगपत्र प्राप्त हुए, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। आयुक्त ने कड़े तेवर दिखाते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के समयबद्ध निस्तारण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी
36 दिनों से अधिक लंबित शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश
जनता मिलन के दौरान जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने आयुक्त को सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को 36 दिनों से अधिक समय से लंबित प्रकरणों को तत्काल निस्तारित करने के निर्देश दिए। सुनवाई के दौरान आयुक्त ने खुद एक शिकायतकर्ता से फोन पर बात कर शिकायत की स्थिति जानी।
वहीं श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय से जुड़ी अधिक शिकायतें मिलने पर आयुक्त ने विश्वविद्यालय प्रशासन को एक सार्वजनिक हेल्पलाइन नंबर जारी करने तथा शिकायतों का विश्लेषण कर व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
"जनता मिलन में कई लोग पुरानी शिकायतों पर कार्रवाई न होने के कारण दोबारा आए हैं। लोक निर्माण विभाग के प्रतिकर, बीआरओ, मुआवजा और सड़क निर्माण की शिकायतों पर जिन मामलों में जांच बाकी है, उन्हें एक सप्ताह में निपटाकर शिकायतकर्ता को सूचित किया जाए।" — आनंद स्वरूप, आयुक्त गढ़वाल मंडल
इन प्रमुख मामलों पर दिए गए कड़े निर्देश:
सड़क व मानसून समीक्षा: आयुक्त ने मुआवजा प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने और मानसून के दौरान एनएच (NH) के अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति के साथ नियमित समीक्षा बैठक करने के निर्देश दिए।
विश्वेश्वर दत्त सकलानी की विरासत: धनोल्टी निवासी विवेकानंद सकलानी द्वारा ‘वृक्ष मानव’ विश्वेश्वर दत्त सकलानी की विरासत के संरक्षण हेतु मांगी गई आर्थिक सहायता पर आवश्यक कार्रवाई की बात कही गई।
चोरी के सामान की बरामदगी: भेंकी (प्रतापनगर) निवासी अमित सिंह की दुकान में हुई चोरी के माल की बरामदगी न होने पर आयुक्त ने मामले को आईजी गढ़वाल के संज्ञान में लाने का आश्वासन दिया।
श्रमिकों के लिए विशेष शिविर: श्रम विभाग को नियमानुसार विवाह अनुदान देने और श्रमिकों के पंजीकरण व नवीनीकरण के लिए न्याय पंचायत स्तर पर विशेष शिविर लगाने को कहा गया।
क्षेत्रीय मांगें: जिला पंचायत सदस्य मंदार विजयपाल सिंह रावत द्वारा बैंक शाखा, खैट पर्वत व पीढ़ी मंदिर मार्ग सुधार, खेल मैदान विस्तार आदि मांगों का परीक्षण कराने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।
वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
बैठक के समापन पर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने सभी विभागीय अधिकारियों को आयुक्त के निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के आदेश दिए।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, डीएफओ पुनीत तोमर, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, डीडीओ मो. असलम, एसडीएम कमलेश मेहता सहित लोनिवि, समाज कल्याण और अन्य विभागों के तमाम वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
