
देवप्रयाग टाईम्स (गिरीश भट्ट)3 अगस्त 26
* 150 से अधिक युवाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रतियोगिताओं से दिया नशा मुक्ति का संदेश
* प्रतियोगिताओं के विजेता राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में करेंगे टिहरी का प्रतिनिधित
देवप्रयाग /नई टिहरी युवा शक्ति को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और नशा मुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से शनिवार को ‘माई भारत’ (MY Bharat) टिहरी गढ़वाल द्वारा सरस्वती विद्या मंदिर, नई टिहरी में जिला स्तरीय ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से आए 150 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
जिला युवा अधिकारी आशीष पंत ने कार्यक्रम की प्रस्तावना प्रस्तुत करते हुए अभियान के उद्देश्यों और युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला।
आठ विधाओं में आयोजित हुईं प्रतियोगिताएं
युवाओं की रचनात्मकता को मंच देने के लिए चित्रकला, काव्य पाठ, रील मेकिंग, समूह नृत्य, समूह गायन, नुक्कड़ नाटक, स्लोगन लेखन और भाषण सहित कुल आठ प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने कला व अभिनय के माध्यम से नशे के सामाजिक व शारीरिक दुष्प्रभावों को उजागर करते हुए नशा मुक्त समाज का संकल्प व्यक्त किया।वरुणा अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी मुख्य अतिथि ने कहा कि युवा स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करें। अपनी ऊर्जा का उपयोग देश निर्माण और सकारात्मक गतिविधियों में करें।
विजेताओं को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख (जाखणीधार) राजेश नौटियाल ने युवाओं को खेल, साहित्य और कला से जुड़ने का आह्वान किया। समापन पर सभी आठ प्रतियोगिताओं के प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रत्येक प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में टिहरी गढ़वाल का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य बी.डी. कुनियाल, डॉ. शंकर लाल, एनएसएस अधिकारी पी.सी. उनियाल, माई भारत की टीम और शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सामूहिक नशा मुक्ति शपथ के साथ हुआ।
