टिहरी में 27वां कारगिल विजय दिवस मना: शहीदों के बलिदान को किया नमन, वीर नारियां हुईं सम्मानित

देवप्रयाग टाईम्स 26 जुलाई 26

देवप्रयाग/टिहरी में रविवार को 27वां कारगिल विजय दिवस अदम्य शौर्य, सम्मान और राष्ट्रभक्ति के साथ मनाया गया। बौराड़ी स्थित शहीद स्मारक पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिलाधिकारी नीतिका खण्डेलवाल, नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों और पूर्व सैनिकों ने अमर शहीदों के पुष्पचक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर जवानों ने मुख्य अतिथि को गार्ड ऑफ ऑनर दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत में स्कूली छात्र-छात्राओं ने बौराड़ी चौक से शहीद स्मारक तक भव्य प्रभात फेरी निकालकर देशभक्ति का संदेश दिया।

राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखें युवा: डीएम

श्रद्धांजलि सभा में जिलाधिकारी नीतिका खण्डेलवाल ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि कारगिल के वीरों ने व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा, “सेना में जाना ही अकेली राष्ट्रसेवा नहीं है, हर नागरिक अपने कार्यक्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर देश के विकास में योगदान दे सकता है।” उन्होंने इसे केवल औपचारिक आयोजन न मानकर वीर शहीदों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेने का दिन बताया।

उत्तराखंड के 75 और टिहरी के 12 लाल हुए थे शहीद

जिला सैनिक कल्याण अधिकारी (से.नि.) कर्नल चन्द बहादुर पुन ने बताया कि 26 जुलाई 1999 को भारतीय सेना ने अभूतपूर्व वीरता से ऐतिहासिक विजय प्राप्त की थी। इस युद्ध में देश के 527 जवान शहीद हुए थे, जिनमें उत्तराखंड के 75 और अकेले टिहरी जनपद के 12 वीर सपूत शामिल थे। उन्होंने कहा कि शहीदों के परिजनों का सम्मान और सैनिकों का कल्याण प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।

वीर नारियों का सम्मान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

समारोह में शहीद दलवीर सिंह की पत्नी रोशनी देवी तथा शहीद सत्ते सिंह की पत्नी संगीता देवी को सम्मान-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान सेंट एंथोनी पब्लिक स्कूल और ऑल सेंट कॉन्वेंट स्कूल के बच्चों ने देशभक्ति गीतों की भावपूर्ण प्रस्तुतियां दीं।

रक्तदान और पौधरोपण अभियान

इस अवसर पर आयोजित रक्तदान शिविर के रक्तदाताओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर डीएम नीतिका खण्डेलवाल ने ‘कनेर’ का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

प्रतियोगिताओं के विजेता

चित्रकला प्रतियोगिता: अंशिका बहुगुणा (प्रथम), आकांक्षा रावत (द्वितीय) – दोनों सेंट एंथोनी स्कूल; अनानिशा परवीन (तृतीय) – ऑल सेंट कॉन्वेंट।

निबंध प्रतियोगिता: कुमारी अनुसूया (प्रथम) – नरेंद्र महिला विद्यालय; फाइजा अली (द्वितीय) – जीजीआईसी बौराड़ी; श्रुति राज (तृतीय) – सेंट एंथोनी स्कूल।

कार्यक्रम में मेजर दीपक कुमार, लेफ्टिनेंट कर्नल मनीष, एसडीएम कमलेश मेहता, पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष संजय रावत, स्कूली बच्चे और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। मंच संचालन राकेश बधानी ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9058520973, हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करे