
देवप्रयाग टाईम्स
देवप्रयाग/टिहरी गढ़वाल, 01 अक्टूबर 2026
नरेन्द्रनगर के ओणी गांव में आयोजित हुआ ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम
कैबिनेट मंत्री ने किशोरियों, माताओं और बच्चों से किया सीधा संवाद, दी योजनाओं की जानकारी
जनपद टिहरी गढ़वाल के नरेन्द्रनगर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ओणी गांव स्थित स्मार्ट आंगनवाड़ी केंद्र में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र में उपस्थित किशोरियों, माताओं और नन्हे-मुन्ने बच्चों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी ली।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र केवल बच्चों के पोषण और शुरुआती शिक्षा का माध्यम नहीं हैं, बल्कि यह मातृ-शिशु स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और परिवारों के समग्र विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का प्रयास आंगनवाड़ी केंद्रों को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर बच्चों को सुरक्षित, स्वस्थ और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है।
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार महिला व बाल विकास, पोषण और स्वास्थ्य क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। सरकार की प्राथमिकता है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। बच्चों को बेहतर पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं देने के साथ ही किशोरियों व माताओं को योजनाओं से जोड़ना आवश्यक है। इसी संकल्प के साथ पूरे प्रदेश में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकत्रियां सम्मानित, बांटे गए लाभ
कार्यक्रम के दौरान विभागीय मंत्री ने बच्चों के साथ समय बिताया और उनके साथ भोजन भी किया। इस अवसर पर गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म संपन्न कराई गई और लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ वितरित किया गया। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनवाड़ी कार्यकत्री और सहायिका को भी सम्मानित किया गया।
स्मार्ट आंगनवाड़ी केंद्र ओणी की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए मंत्री ने कहा कि यह केंद्र पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों का एक उत्कृष्ट उदाहरण है।
लाभार्थियों एवं सम्मानित कर्मियों का विवरण:
महालक्ष्मी किट लाभार्थी: सुषमा, गंगा, रेशमा और मनीषा।
गोद भराई (गर्भवती महिलाएं): काजल, प्रिया और पुष्पा।
किशोरी बालिका योजना लाभार्थी: काजल, निधि, श्वेता, वैष्णवी और शिया।
सम्मानित कर्मी: आरती देवी (आंगनवाड़ी कार्यकत्री) एवं पूनम (सहायिका)।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय गौतम, सीडीपीओ संगीता परिहार, जिला प्रोबेशन अधिकारी ज्योति पटवाल, जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपक रावत, जिला पूर्ति अधिकारी मनोज डोभाल, उपजिलाधिकारी (SDM) आशीष घिल्डियाल, ग्राम प्रधान दीपक, सुपरवाइजर किरण राणा व सीमा देवी सहित स्थानीय ग्रामीण, महिलाएं और बच्चे उपस्थित रहे।
