
देवप्रयाग टाईम्स
सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के पालन में 15 सितंबर तक मांगी गई अंतिम रिपोर्ट
उपखंड स्तर पर समितियों के गठन के निर्देश, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
टिहरी गढ़वाल, 09 सितंबर 2026 विकास कार्यों में तेजी लाने और प्रशासनिक अड़चनों को दूर करने के उद्देश्य से बुधवार को जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिला अंतर्गत विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में सड़कों के नवनिर्माण, वन भूमि हस्तांतरण और क्षतिपूरक वृक्षारोपण से जुड़े लंबित मामलों की गहन समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित से जुड़ी विकास योजनाओं में वन भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए ताकि निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी न हो।
प्रमुख मोटर मार्गों के हस्तांतरण प्रस्तावों पर चर्चा बैठक के दौरान टिहरी विधानसभा क्षेत्र के ‘नैर से पुजाल्डी’ तक बनने वाले मोटर मार्ग के लिए 3.4296 हेक्टेयर वन भूमि के बदले सिविल भूमि हस्तांतरण की प्रगति जांची गई। इस पर जिलाधिकारी ने एसडीएम धनौल्टी अंशुल को निर्देश दिए कि तहसील स्तर से आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर ग्राम घन्सी (तहसील नैनबाग) से जुड़े मूल खसरा, खतौनी व नक्शा तत्काल वन विभाग को उपलब्ध कराएं।
इसके अलावा, धनौल्टी विधानसभा में कुखड़सारी से नकोट-चक्र, भद्रीसेरा मोटर मार्ग तथा ज्वारना कांस्युड मार्ग, प्रतापनगर में रैंका-महरगांव से सदडगांव-मुखेम मार्ग, कड़ियालगांव से पठोई मार्ग और मसोन-कांडी-द्वारगढ़ पर जयद्वार-सुरांशु तक मोटर मार्ग के वन भूमि हस्तांतरण प्रकरणों की समीक्षा कर तेजी से कार्रवाई करने के आदेश दिए गए।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का कड़ाई से पालन माननीय उच्चतम न्यायालय के आदेशों का हवाला देते हुए जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग के कब्जे वाली ऐसी आरक्षित वन भूमि—जो निजी व्यक्तियों या संस्थाओं को गैर-वाणिज्यिक कार्यों के लिए आवंटित की गई है—की विस्तृत रिपोर्ट 15 सितंबर 2026 तक सौंपने के कड़े निर्देश दिए।
उन्होंने सभी प्रभागीय वनाधिकारियों (DFO) और उपजिलाधिकारियों (SDM) को अभिलेखों का गहन सत्यापन करने की हिदायत दी। कार्यों को समयबद्ध पूरा करने के लिए प्रत्येक उपखण्ड स्तर पर विशेष समितियों के गठन के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में रहे मौजूद बैठक में एसडीएम धनौल्टी (आईएएस) अंशुल, डीएफओ हिमांशु बागडी, एडीएम शैलेन्द्र नेगी, एसडीएम नरेंद्रनगर आशीष घिडियाल, एसडीएम टिहरी कमलेश मेहता और एसडीएम घनसाली मंजू राजपूत प्रत्यक्ष रूप से मौजूद रहे। वहीं एसडीओ मसूरी दिनेश नौटियाल, किशोर नौटियाल और नायब तहसीलदार प्राची समेत अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।
