
देवप्रयाग टाईम्स 7 सितंबर 26 गिरीश भट्ट
नई टिहरी। सोमवार को जिला सभागार में आयोजित जनता दरबार में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल का कड़ा रुख देखने को मिला। जनता की समस्याओं को सुनते हुए उन्होंने अधिकारियों को दो टूक हिदायत दी कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनता दरबार में पेयजल, बिजली, मुआवजा, पेंशन और सड़क मरम्मत जैसे गंभीर विषयों से जुड़े कुल 58 मामले दर्ज किए गए।
सुर्खियों में रहे मुख्य मुद्दे और जिलाधिकारी के एक्शन:
- 5 महीने से बंद सोलर पंपिंग योजना पर गिरी गाज: ग्राम पनियाला में सोलर प्लेट्स क्षतिग्रस्त होने से 5 महीने से पानी न मिलने की शिकायत पर जल निगम घनसाली को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
- राशन की कालाबाजारी पर सख्ती: ग्राम जाख की विमला उनियाल को 2 महीने से राशन न देने वाले सस्ते गल्ले के विक्रेता के खिलाफ जिला पूर्ति अधिकारी को तुरंत प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने को कहा।
- पेंशन और GPF के लटके मामलों पर चेतावनी: पिछले 5 वर्षों से सेवानिवृत्त कर्मचारियों की लंबित पेंशन और जीपीएफ फाइलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जल्द से जल्द निस्तारण के कड़े निर्देश दिए।
- सड़क सुरक्षा व मुआवजा: ग्राम पसर (नरेंद्रनगर) में बरसात से बहे खेतों के लिए सुरक्षा दीवार/स्कर्वर का निर्माण कराने और घियाकोटी-विन्दालकोटी संपर्क मार्ग के लिए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता से कार्य करने को कहा।
- कूड़ा प्रबंधन और कॉम्पैक्टर निरीक्षण: उच्चतम न्यायालय के आदेशों का अनुपालन करते हुए सभी एसडीएम को अपने क्षेत्रों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (कॉम्पैक्टर) की स्थिति जांचने के निर्देश दिए।
“सीएम हेल्पलाइन और जन समर्पण पोर्टल पर दर्ज लंबित शिकायतों को समय सीमा के भीतर निपटाया जाए। जिन प्रकरणों का समाधान हो चुका है, उन्हें बिना किसी देरी के तुरंत पोर्टल पर अपडेट करें।” — नितिका खण्डेलवाल, जिलाधिकारी (टिहरी गढ़वाल)
कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, आईएएस प्रशिक्षु ज्योति, अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र नेगी, उपजिलाधिकारी कमलेश मेहता सहित जनपद स्तर के तमाम आला अधिकारी मौजूद रहे।
