
देवप्रयाग टाईम्स | 29 अगस्त 2026 (शनिवार)
नरेन्द्र नगर (टिहरी) राजकीय महाविद्यालय खाड़ी में शनिवार को हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती (राष्ट्रीय खेल दिवस) के अवसर पर एक दिवसीय ऑनलाइन संगोष्ठी का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज खाड़ी के अंग्रेजी प्रवक्ता व एनएसएस कैप्टन मनोज बिजलवान ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में नेतृत्व, राष्ट्रभक्ति, साहस और अनुशासन का विकास करते हैं। खेल निराशा से उबरकर जीवन में आशावादी दृष्टिकोण अपनाने की प्रेरणा देते हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. ए. के. सिंह ने कहा, “स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है।” उन्होंने कहा कि खेल जाति-धर्म की संकीर्णताओं से ऊपर उठकर भाईचारे की भावना सिखाते हैं। यदि विद्यार्थी जीवन में कोई बच्चा खेल के मैदान तक नहीं गया, तो वह जीवन के एक महत्वपूर्ण हिस्से से वंचित रह गया।
कार्यक्रम संयोजिका व क्रीड़ा प्रभारी डॉ. संगीता बिजलवान जोशी ने खेलों को मानसिक व सामाजिक विकास का आधार बताया। अंत में छात्रा सोनम ने सभी का आभार व्यक्त किया।
संगोष्ठी में डॉ. अजीत, डॉ. शन्नवर, डॉ. ईरा सिंह, डॉ. सीमा पांडे, डॉ. मीना, डॉ. मीनाक्षी, शिक्षणेत्तर कर्मी शूरवीर सिंह, आशीष, दीपक, मनीषा, हितेश, पंकज एवं अनेक छात्र-छात्राएं ऑनलाइन जुड़े रहे।
