
देवप्रयाग टाईम्स 28 अगस्त 2026 शुक्रवार
मिलावटखोरी पर नकेल: मिठाई, पनीर व दही के सैंपल संकलित; रिपोर्ट के आधार पर होगी कड़ी कार्रवाई
टिहरी। आगामी त्योहारों के दृष्टिगत आमजन को सुरक्षित व शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन ने मिलावटखोरों के खिलाफ शिकंजा कस दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जिले में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मुनि की रेती और तपोवन क्षेत्र के विभिन्न मिष्ठान भंडारों, डेयरियों व रेस्टोरेंटों पर औचक छापेमारी की। टीम ने स्वच्छता व खाद्य सुरक्षा मानकों का जायजा लेते हुए कुल 08 खाद्य पदार्थों के नमूने संकलित किए।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा प्रमोद रावत ने बताया कि कार्रवाई के दौरान गुलाब जामुन, रसगुल्ला, बर्फी व घेवर के 4, पनीर के 2 तथा दही के 2 नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला भेजे गए हैं। लैब रिपोर्ट में अनिमितता पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने कारोबारियों को दुकानों पर मूल्य सूची चस्पा करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि सैंपलिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और मिलावटखोरी से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी बलवंत चौहान सहित अन्य विभागीय कर्मी शामिल रहे।
