आन, बाण और शान से मनाया गया आजादी का 80वां स्वतंत्रता दिवस

देवप्रयाग टाईम्स (गिरीश भट्ट) 15 अगस्त 26शनवार

मुनिकीरेती। नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला के तत्वाधान में आजादी का 80वां स्वतंत्रता दिवस ‘तिरंगा उत्सव’ पालिका पार्क में अत्यंत भव्य, दिव्य और नव्य उत्साह के साथ मनाया गया। देशभक्ति के जयकारों और राष्ट्रीय गीतों की गूंज के बीच आयोजित इस समारोह में वीरों के बलिदान को याद कर सामूहिक ध्वजारोहण किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दिव्य जीवन संघ के स्वामी अश्वेतानंद जी महाराज, पूर्व पालिका अध्यक्ष महंत मनोज प्रपन्नाचार्य और वर्तमान पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर ज्ञात-अज्ञात शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की।

राष्ट्र निर्माण में सहयोग और एकजुटता का आह्वान स्वामी अश्वेतानंद महाराज ने रामसेतु निर्माण में गिलहरी के योगदान का उदाहरण देते हुए कहा कि बूंद-बूंद से सागर बनाकर हमें देश और प्रदेश को खुशहाल बनाना है। उन्होंने मुनिकीरेती के योग, अध्यात्म, पर्यावरण और पर्यटन के वैश्विक महत्व को रेखांकित किया। वहीं, महंत मनोज प्रपन्नाचार्य ने युवाओं और मातृशक्ति से बलिदानियों के सपनों को पूरा करने तथा ‘हम एक हैं, हम नेक हैं’ की भावना के साथ काम करने की अपील की।

वरिष्ठ अधिवक्ता रमाबल्लभ भट्ट ने स्वतंत्रता संग्राम के संघर्षों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज हम वीरों की आहुति के कारण ही खुली हवा में सांस ले रहे हैं। राजकीय सेवा पेंशनर संगठन के श्री चौहान ने भी शहीदों को नमन करते हुए हर नागरिक में राष्ट्रभक्ति का जज्बा होने की बात कही।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और जन-जागरूकता समारोह में क्रेजी संगठन के अध्यक्ष मनीष डिमरी ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर पूरे माहौल में ऊर्जा भर दी। वार्ड 6 की सभासद बबिता रमोला के “ये वतन, ये वतन…” और “दिल दिया है जान भी देंगे” गीतों की भावुक प्रस्तुति पर दर्शक झूम उठे। वहीं वार्ड 8 की सभासद स्वाती पोखरियाल और यूकेडी के सुरेंद्र सिंह भंडारी ने युवा मुद्दों और जन-जागरूकता पर अपने विचार रखे।

उपस्थिति को लेकर दिखी चिंता, कर्मचारियों का हुआ सम्मान भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष भगवती प्रसाद रतूड़ी और पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने राष्ट्रीय पर्व पर जनप्रतिनिधियों व आमजन की कम उपस्थिति पर चिंता व्यक्त की। अध्यक्ष बिजल्वाण ने कहा कि 300 निमंत्रण पत्र बांटने के बाद भी संख्या बल कम रहना विचारणीय है, राष्ट्रीय पर्वों पर सभी को एकजुट होना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण और अधिशासी अधिकारी (EO) बद्री भट्ट ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले निष्ठावान पालिका कर्मचारियों और सभासदों को प्रशस्ति पत्र व उपहार देकर सम्मानित किया।

इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति इस अवसर पर विनोद खंडूरी, विनोद सकलानी, सचिन रस्तोगी, लक्ष्मण भंडारी, निशा नेगी, रेखा पैन्यूली, अजय रमोला, सूरज बलोनी, किशन भट्ट, विक्की, ज्योति उनियाल, अर्चना बिजल्वाण, विमला बडोला, मधु असवाल, प्रदीप बडोला, प्रेस क्लब अध्यक्ष संजय बडोला, सुदीप पंचभैया, राज्य सेनानी मंच के संरक्षक व वरिष्ठ पत्रकार भारत भूषण कुकरेती, महंत सरविंदर सहित भारी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का सफल व अनुशासित मंच संचालन अधिशासी अधिकारी बद्री भट्ट द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9058520973, हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करे