
देवप्रयाग टाईम्स (गिरीश भट्ट )
देवप्रयाग /टिहरी: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), देहरादून द्वारा न्यू टिहरी में दो दिवसीय एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान आयोजित विशेष फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ राज्य के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया।
कार्यक्रम के दौरान ‘हर घर तिरंगा’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘विभाजन की विभीषिका’ विषयों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई, जिसके माध्यम से लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम की जानकारी दी गई।
कैबिनेट मंत्री ने तिरंगे को बताया राष्ट्र का प्रतीक
प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा, “तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान नागरिकों में राष्ट्रप्रेम और गौरव की भावना को मजबूत करता है।” उन्होंने सभी से 15 अगस्त को अपने घरों पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया।
तिरंगा रैली और सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं
कार्यक्रम के तहत श्री देव सुमन पार्क से एक भव्य तिरंगा रैली निकाली गई, जिसमें चम्बा ब्लॉक के कई स्कूलों के विद्यार्थियों, स्थानीय नागरिकों और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लिए छात्र-छात्राओं के नारों से पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंग गया।
इसके अलावा सीबीसी द्वारा 13 अगस्त को आयोजित अंतर-विद्यालयी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को कैबिनेट मंत्री द्वारा पुरस्कृत किया गया:
- कविता प्रतियोगिता: आकृति (प्रथम), अवंतिका (द्वितीय), प्रतिमा चौहान (तृतीय)।
- चित्रकला प्रतियोगिता: आरुम हुसैन (प्रथम), आरुषी (द्वितीय), खुशी (तृतीय)।
- पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता: रिद्धिमा (प्रथम), फाइजा (द्वितीय), रहनुमा (तृतीय)।
विभाजन के पीड़ितों का सम्मान
‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के अवसर पर प्रताप इंटर कॉलेज में सूचना विभाग द्वारा एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन भी किया गया, जिसमें 1947 के विभाजन की त्रासदी और विस्थापन के दर्द को तस्वीरों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। इस दौरान पाकिस्तान से आकर टिहरी में बसे पीड़ित परिवारों को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, ब्लॉक प्रमुख सुमन सजवाण, एडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी, एसडीएम कमलेश मेहता, डीडीओ मोहम्मद असलम और सीबीसी के कार्यक्रम अधिकारी अनिल दत्त शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
