
देवप्रयाग टाईम्स (गिरीश भट्ट)
टिहरी गढ़वाल, 12 अगस्त26। आगामी राफ्टिंग सीजन की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में गंगा नदी राफ्टिंग प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यों के साथ संबंधित विभागों के अधिकारी और राफ्टिंग व्यवसाय से जुड़े प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।
बैठक में राफ्टिंग संचालन से संबंधित नियमों, पर्यटकों की सुरक्षा एवं सुविधा तथा विभिन्न राफ्टिंग स्थलों पर मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर विस्तार से चर्चा हुई। जिला पर्यटन विकास अधिकारी सोवत सिंह राणा ने बताया कि जनपद में वर्तमान में 265 राफ्टिंग फर्म पंजीकृत हैं तथा कुल 576 राफ्ट संचालित हैं।
बैठक में कुड़ियाला, मरीन ड्राइव, शिवपुरी और ब्रह्मपुरी सहित प्रमुख पुट-इन एवं पुल-आउट प्वाइंट्स पर क्षतिग्रस्त पैदल मार्गों की मरम्मत, शौचालय, चेंजिंग रूम, पार्किंग तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास एवं रखरखाव पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही पर्यटकों के लिए स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
गंगा नदी राफ्टिंग प्रबंधन समिति की आय बढ़ाने के उद्देश्य से प्रति पर्यटक सुविधा शुल्क तथा वन विभाग द्वारा लिए जाने वाले पर्यटक शुल्क पर भी विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा राफ्टिंग फर्मों के संचालन, नवीनीकरण और अन्य प्रशासनिक विषयों पर समिति के सदस्यों एवं राफ्टिंग संचालकों ने अपने सुझाव रखे।
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने सभी राफ्टिंग संचालकों से आपसी समन्वय एवं एकजुटता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के मतभेद का समाधान संवाद के माध्यम से किया जाए। उन्होंने राफ्टिंग की निर्धारित एवं उचित दरों पर आपसी सहमति बनाने पर भी बल दिया, ताकि पर्यटकों को बेहतर सेवाएं और सुखद अनुभव मिल सके।
बैठक में एडवेंचर स्पोर्ट्स ऑफिसर सीमा नौटियाल, यूटीडीबी के वाटर स्पोर्ट्स एक्सपर्ट भूपेंद्र सिंह, समिति सदस्य धर्मेंद्र नेगी एवं जयेंद्र बिष्ट सहित विभिन्न राफ्टिंग कंपनियों के प्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
