
देवप्रयाग टाईम्स 31 जुलाई 26
- भाजपा सरकार पर राम मंदिर, केदारनाथ व बद्रीनाथ धाम में चंदा चोरी और आस्था से खिलवाड़ का आरोप
- निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की
देवप्रयाग/टिहरी (गिरीश भट्ट )हिंडोलाखाल बाजार स्थित हिन्डोलेश्वर शिव मंदिर में जिला कांग्रेस कमेटी देवप्रयाग के तत्वावधान में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलाध्यक्ष उत्तम सिंह असवाल के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने श्रीराम मंदिर, केदारनाथ धाम एवं बद्रीनाथ धाम में हुई कथित चंदा अनियमितताओं के विरोध में श्रद्धापूर्वक हनुमान चालीसा का पाठ किया।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष उत्तम सिंह असवाल ने सत्ताधारी दल पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा ने करोड़ों सनातन धर्मियों की आस्था के केंद्र राम मंदिर में चंदा चोरी कर पूरे हिंदू समाज को अपमानित किया है। उन्होंने मांग की कि देशवासियों की धार्मिक आस्था से जुड़े सभी प्रमुख मंदिरों में प्राप्त चंदे के उपयोग में पूर्ण पारदर्शिता होनी चाहिए। असवाल ने कहा, “पूरा देश चाहता है कि मंदिरों के चंदे से जुड़े मामलों की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच हो और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। अफसोस की बात है कि भाजपा सरकार छोटे लोगों को निशाना बना रही है, जबकि असली बड़े चंदा चोरों को बचाने का काम किया जा रहा है।”
वहीं, ब्लॉक अध्यक्ष शशि प्रकाश भट्ट ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भगवान हनुमान के समक्ष न्याय, सत्य, सद्भाव और जनआस्था की रक्षा की प्रार्थना की है। उन्होंने आरोप लगाया कि केदारनाथ धाम में सोना गायब होने, बद्रीनाथ धाम और अयोध्या के राम मंदिर में चंदे की हेराफेरी से जनभावनाएं आहत हुई हैं। भट्ट ने स्पष्ट किया कि धार्मिक आस्था राजनीति या भ्रष्टाचार से ऊपर है और इसकी गरिमा बनाए रखना हम सभी का दायित्व है।
- कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद इस अवसर पर सुरेश राणा, डॉ. जितेंद्र उनियाल, मकान सिंह चौहान, मंगतराम मटियाल, सुभाष लिंगवाल, रामलाल नौटियाल, रघुवीर चौहान, गणेश झिल्डीयाल, केशवानंद तिवारी, पूर्णानंद रतूड़ी, राजेंद्र रावत, राजेंद्र भंडारी, कमल सिंह भंडारी, अजय कुमार, हेमंत भट्ट, ज्योति कठेत, धनवान सिंह पवार, गिरीश कुमार, किशोर असवाल, शोभन सिंह भंडारी, लक्ष्मण सिंह और मनवीर सहित कई अन्य कांग्रेसी कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।
