
देवप्रयाग टाईम्स 29 जुलाई 26 (गिरीश भट्ट )
देवप्रयाग/टिहरी, 30 जुलाई 2026:जनपद टिहरी गढ़वाल में ‘मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना (2026-27)’ के तहत होने वाले चयन ट्रायल की तिथियों में संशोधन किया गया है। खेल निदेशालय, उत्तराखंड के निर्देशों का पालन करते हुए जिला स्तरीय चयन प्रक्रिया को 20 अगस्त से पहले संपन्न कराने के लिए यह फेरबदल किया गया है।
जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपक रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व में नगर पालिका, विकासखंड और जिला स्तर के ट्रायल की तिथियां अलग-अलग तय की गई थीं, जिन्हें अब री-शेड्यूल कर दिया गया है।
यह रहेगा चयन का नया कार्यक्रम:
- नगर पालिका एवं विकासखंड स्तरीय ट्रायल: 03 अगस्त से 05 अगस्त 2026 तक (संबंधित स्थानीय आयोजन स्थलों पर)।
- जनपद (जिला) स्तरीय ट्रायल: 10 अगस्त से 12 अगस्त 2026 तक (श्री पूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम, मुनिकीरेती में)।
- आरक्षित दिवस (Reserved Day): 13 अगस्त 2026।
200 खिलाड़ियों का होगा चयन, मिलेगी स्कॉलरशिप
इस योजना के तहत पूरे जनपद से कुल 200 प्रतिभावान खिलाड़ियों (100 बालक और 100 बालिका) का चयन किया जाएगा।
- आयु वर्ग: 14-17 वर्ष, 17-19 वर्ष, 19-21 वर्ष और 21-23 वर्ष (प्रत्येक वर्ग से 25 बालक व 25 बालिकाएं)।
- पात्रता: केवल उत्तराखंड के स्थायी निवासी। आयु की गणना 01 जुलाई 2026 के आधार पर की जाएगी।
- मिलने वाले लाभ: प्रत्येक चयनित खिलाड़ी को ₹2,000 प्रतिमाह छात्रवृत्ति और खेल उपकरणों के लिए प्रतिवर्ष ₹10,000 की एकमुश्त वित्तीय सहायता दी जाएगी।
इन खेलों में दिखा सकेंगे प्रतिभा
जिला स्तरीय ट्रायल में एथलेटिक्स, फुटबॉल, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, कराटे, जूडो, ताइक्वांडो, हॉकी, टेबल टेनिस और कबड्डी सहित विभिन्न खेल विधाओं में खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। क्रीड़ा विभाग ने जनपद के सभी इच्छुक व पात्र युवाओं से समय पर पहुंचकर ट्रायल में भाग लेने की अपील की है।
