लम्बगांव में दवा दुकानों पर प्रशासन का छापा: अनियमितताएं मिलने पर दो मेडिकल स्टोर बंद, थमाए कारण बताओ नोटिस

देवप्रयाग टाईम्स 28 जुलाई26

देवप्रयाग /टिहरी गढ़वाल

जिले में घटिया दवाओं की बिक्री रोकने और औषधि नियमों का कड़ाई से पालन कराने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। मंगलवार को जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के निर्देशों पर प्रशासनिक व पुलिस की संयुक्त टीम ने लम्बगांव क्षेत्र में स्थित औषधि प्रतिष्ठानों (मेडिकल स्टोरों) पर अचानक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान गंभीर खामियां मिलने पर दो दवा दुकानों के संचालन और क्रय-विक्रय पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।

वरिष्ठ औषधि निरीक्षक सी.पी. नेगी, औषधि निरीक्षक ऋषभ धामा और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने लम्बगांव के विभिन्न मेडिकल स्टोरों पर दबिश दी। निरीक्षण के दौरान दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे, दवाओं के क्रय-विक्रय से जुड़े बिल व रजिस्टर, एक्सपायरी दवाओं का प्रबंधन और सुरक्षित भंडारण (स्टोरेज) की व्यवस्था को बारीकी से जांचा गया।

जांच के दौरान दो फर्मों में औषधि नियमों का खुला उल्लंघन और गंभीर अनियमितताएं पाई गईं, जिस पर टीम ने मौके पर ही वैधानिक कार्रवाई करते हुए उनके कारोबार पर बैन लगा दिया। इसके अलावा, जिन अन्य दुकानों में छोटी-मोटी कमियां पाई गईं, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर तय समय सीमा के भीतर व्यवस्थाएं सुधारने की सख्त हिदायत दी गई है।

प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आम जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मरीजों को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित दवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। औषधि नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ भविष्य में भी इस प्रकार के औचक निरीक्षण और दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9058520973, हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करे