
देवप्रयाग टाईम्स 23 जुलाई 26
देवप्रयाग/नई टिहरी विकासखंड देवप्रयाग की क्षेत्र पंचायत की एक महत्वपूर्ण बैठक ब्लॉक प्रमुख विनोद बिष्ट की अध्यक्षता में आयोजित की गई। ब्लॉक मुख्यालय हिन्डोलाखाल स्थित सभागार में संपन्न हुई इस बैठक में क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई तथा जनहित से जुड़े विविध मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक की शुरुआत पिछली कार्यवाही की समीक्षा के साथ हुई। इसके उपरांत विद्युत विभाग, जल निगम, जल संस्थान, लोक निर्माण विभाग और पीएमजीएसवाई सहित विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के अंतर्गत चल रहे निर्माण व विकास कार्यों की स्थिति पर मंथन किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं और विकास संबंधी प्रस्ताव सदन के समक्ष रखे तथा उनके शीघ्र समाधान की मांग उठाई।
बैठक को संबोधित करते हुए ब्लॉक प्रमुख विनोद बिष्ट ने कहा कि क्षेत्र पंचायत बैठकों का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की जनसमस्याओं को प्रभावी ढंग से शासन-प्रशासन तक पहुंचाना और उनका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करना है।
वहीं मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने विभागीय अधिकारियों को सभी विकास कार्यों को उच्च गुणवत्ता और निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े मामलों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। बैठक में विकास योजनाओं का लाभ समय पर आम जनता तक पहुँचाने के लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष बल दिया गया।
इस अवसर पर ज्येष्ठ प्रमुख विकास कैन्तुरा, कनिष्ठ प्रमुख राजपाल चौहान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, जिला पंचायत सदस्य तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
