
देवप्रयाग टाइम्स 22 जुलाई 26
देवप्रयाग/नई टिहरी। समाज कल्याण विभाग के तत्वाधान एवं स्वास्थ्य विभाग के विशेष सहयोग से बुधवार को राजकीय प्रताप इण्टर कॉलेज, नई टिहरी (बौराड़ी) में एक दिवसीय विशाल बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य जनपद के दिव्यांगजनों के अनिवार्य प्रमाण पत्र निर्गत करने के साथ ही उन्हें कृत्रिम अंग, सहायक उपकरण तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम में उपस्थित जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने बताया कि उत्तराखंड सरकार के निर्देशों के अनुपालन में जनपद स्तर पर समय-समय पर ऐसे शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक ही छत के नीचे दिव्यांगजनों को सभी प्रशासनिक व चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। शिविर के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए दिव्यांगों ने अपनी समस्याएं व मांगे जिलाधिकारी के समक्ष रखीं, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रेष्ठा भाकूनी ने जानकारी दी कि स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से आयोजित इस शिविर में नाक, कान, गला विशेषज्ञों सहित मनोचिकित्सकों द्वारा अभ्यर्थियों का गहन स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
शिविर में 352 पंजीकरण, 112 को प्रमाण पत्र जारी शिविर में कुल 352 व्यक्तियों ने अपना पंजीकरण कराया। स्वास्थ्य परीक्षण के उपरांत 112 दिव्यांगजनों के दिव्यांगता प्रमाण-पत्र मौके पर ही जारी किए गए। इसके अलावा 70 लाभार्थियों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरित किए गए। वहीं 65 लाभार्थियों द्वारा यूडीआईडी (UDID) कार्ड हेतु आवेदन जमा किए गए तथा 15 बच्चों के आधार कार्ड भी बनाए गए।
प्रशासन ने की थी नि:शुल्क परिवहन व्यवस्था शिविर में आने वाले दिव्यांगजनों एवं उनके परिजनों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से क्षेत्रवार नि:शुल्क वाहनों की विशेष व्यवस्था की गई थी।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद नई टिहरी के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, जयेन्द्र पंवार, बलवन्त सिंह रावत सहित समाज कल्याण एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
