
देवप्रयाग टाईम्स
देवप्रयाग/टिहरी गढ़वाल, 19 सितंबर: जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने बुधवार को आयुष आरोग्य मंदिर ढालवाला का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्वास्थ्य केंद्र में साफ-सफाई की बदहाली, रिकॉर्ड में कमियों और लंबे समय से अनुपस्थित चल रही एएनएम पर डीएम का गुस्सा फूटा। उन्होंने लापरवाह कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
साफ-सफाई और अनुपस्थिति पर कड़ी नाराजगी निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि उपकेंद्र परिसर के आसपास लंबी-लंबी झाड़ियां उगी हुई थीं और भीतर भी रखरखाव व साफ-सफाई की स्थिति बेहद संतोषजनक नहीं थी। इसे गंभीरता से लेते हुए उन्होंने मौके पर ही कड़ी नाराजगी जताई। इसके अलावा, एक एएनएम के लंबे समय से बिना सूचना अनुपस्थित रहने की बात सामने आने पर डीएम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं, उपकेंद्र की व्यवस्थाओं में सुधार न होने और देखरेख में लापरवाही के लिए संबंधित प्रभारी चिकित्सा अधिकारी (एमओआईसी) से स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
अभिलेखों और उपकरणों की पड़ताल डीएम खण्डेलवाल ने स्वास्थ्य केंद्र की उपस्थिति पंजिका, टीकाकरण अभिलेख, कोल्ड चेन तापमान रजिस्टर और जैव चिकित्सा अपशिष्ट (बायोमेडिकल वेस्ट) के निस्तारण से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान जब उन्होंने डीप फ्रीजर और अन्य चिकित्सा उपकरणों की कार्यशील स्थिति की जानकारी मांगी, तो मौके पर इनका स्पष्ट विवरण और सही आंकड़ा नहीं मिल पाया। इस पर उन्होंने सभी अभिलेखों को व्यवस्थित और अपडेट रखने के सख्त निर्देश दिए।
बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के निर्देश जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आमजन को गुणवत्तापूर्ण और सुचारु स्वास्थ्य सेवाएं मिलना सरकार की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को परिसर की नियमित सफाई, उपकरणों के रख-रखाव और स्टाफ की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी नरेंद्रनगर आशीष चंद्र घिल्डियाल और जिला प्रोबेशन अधिकारी ज्योति पटवाल सहित कई अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
