
देवप्रयाग/टिहरी (03 सितंबर26) आगामी राफ्टिंग सीजन को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुनिकीरेती स्थित जिलाधिकारी ट्रांजिट कैंप कार्यालय में गंगा नदी राफ्टिंग प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पर्यटकों की सुरक्षा, सुविधा और पारदर्शी संचालन को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
बैठक के प्रमुख फैसले और निर्देश:
ऑनलाइन व्यवस्था होगी लागू: पारदर्शिता लाने और पर्यटकों को राहत देने के लिए पुराने पर्ची सिस्टम को समाप्त कर ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था लागू की जाएगी।
सड़क और रास्तों की मरम्मत: राफ्टिंग के पुट-इन और पुल-आउट प्वाइंट्स तक पहुंचने वाली अप्रोच रोड, मुख्य सड़क और क्षतिग्रस्त पैदल मार्गों की तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं।
मूलभूत सुविधाओं का विस्तार: राफ्टिंग स्थलों पर पेयजल, शौचालय, चेंजिंग रूम, पार्किंग और स्वच्छता व्यवस्था को सीजन शुरू होने से पहले दुरुस्त करने को कहा गया है।
आपसी समन्वय पर जोर: जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों और राफ्टिंग ऑपरेटरों को आपसी तालमेल के साथ काम करने के निर्देश दिए, ताकि पर्यटकों को सुरक्षित और सुगम अनुभव मिले।
बैठक में डीएफओ नरेंद्रनगर दिगंत नायक, एसडीएम आशीष घिल्डियाल, पर्यटन विकास अधिकारी सोवत सिंह राणा, और राफ्टिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह नेगी समेत कई अधिकारी व प्रतिनिधि मौजूद रहे।
