
देवप्रयाग टाईम्स 29 अगस्त 26 शनिवार
धनोल्टी, बुरांश खंडा और कानाताल में संयुक्त टीम का औचक निरीक्षण
तीन पैकेट एक्सपायरी पापड़ मौके पर नष्ट, दो दुकानों को सुधार नोटिस
टिहरी आगामी त्योहारों को देखते हुए जिले में शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के मार्गदर्शन में खाद्य संरक्षा, पूर्ति विभाग, पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने विभिन्न बाजारों में ताबड़तोड़ छापेमारी की।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी शारदा शर्मा की अगुवाई में टीम ने धनोल्टी, बुरांश खंडा, रौंसलीखाल और कानाताल क्षेत्र स्थित होटल, रिसॉर्ट और रेस्टोरेंट का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, पैकेजिंग, एक्सपायरी डेट और स्टोरेज व्यवस्था को बारीकी से परखा गया।
लिए गए नमूनों का विवरण
अनाज उत्पाद: 09 खाद्य तेल: 02 मिठाई: 01
अन्य खाद्य पदार्थ: 01 (कुल 13 नमूनों को संग्रह कर जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजा गया है।)
कार्रवाई के दौरान एक दुकान से तीन पैकेट एक्सपायर हो चुके पापड़ मिलने पर उन्हें तुरंत नष्ट कराया गया, जबकि मानकों में कमी पाए जाने पर दो प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किया गया।
सहायक आयुक्त (खाद्य सुरक्षा) प्रमोद रावत ने बताया कि त्योहारी सीजन में मिलावटखोरी रोकने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने व्यापारियों को हिदायत दी कि गुणवत्ता व स्वच्छता से कोई समझौता न करें, उल्लंघन करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस छापेमारी अभियान में पूर्ति निरीक्षक प्रदीप पंत, राजस्व उप निरीक्षक अंबुज चतुर्वेदी और कांस्टेबल कुलदीप कुमार शामिल रहे।
