जनता मिलन में गूंजीं जनसमस्याएं, डीएम ने दिए समयबद्ध निस्तारण के कड़े निर्देश

देवप्रयाग टाईम्स (गिरीश भट्ट )17 अगस्त 26

58 शिकायतों में से अधिकांश का मौके पर ही समाधान, पेयजल और शिक्षा व्यवस्था पर जिलाधिकारी सख्त

सरज्युला योजना के गंदे पानी और पर्यटन रोड कटिंग से मकानों के खतरे पर तत्काल जांच के आदेश

 देवप्रयाग/टिहरी। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कुल 58 शिकायतें और मांगपत्र प्राप्त हुए, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों को त्वरित और समयबद्ध कार्रवाई के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को भेजा गया।

जनता मिलन के दौरान पुनर्वास, प्रतिकर वितरण, आपदा क्षति, सड़क, पेयजल और लोक निर्माण विभाग से संबंधित समस्याएं प्रमुखता से सामने आईं। जिलाधिकारी ने कहा कि इस कार्यक्रम से आमजन का प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ा है और पुरानी अधिकांश शिकायतों का निस्तारण किया जा चुका है।

विद्यालयों में पेयजल और शिक्षकों की कमी पर सख्ती जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि जिले के सभी विद्यालयों में स्वच्छ पेयजल की सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। किसी भी स्कूल से पेयजल समस्या की शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय कर कार्रवाई होगी। साथ ही, शिक्षकों के स्थानांतरण या संबद्धीकरण की स्थिति में तुरंत विकल्प तैनात करने के निर्देश दिए गए ताकि पढ़ाई बाधित न हो।

प्रमुख जनसमस्याओं पर दिए गए निर्देश:

  • मकान पर मंडराता खतरा: ग्राम हरगी निवासी योगेंद्र दत्त डोभाल की पर्यटन रोड कटिंग से मकान को खतरे की शिकायत पर जिला खान अधिकारी और लोनिवि चंबा को एक सप्ताह में संयुक्त निरीक्षण की रिपोर्ट देने को कहा गया।
  • दूषित जल आपूर्ति: बागी (सरज्युला) क्षेत्र में एक माह से आ रहे गंदे पानी की शिकायत पर जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
  • आपदा क्षति व सड़क विवाद: पटुड़ी गांव के मुख्य रास्ते/सुरक्षा दीवार क्षति पर बीडीओ जाखणीधार को स्थलीय निरीक्षण के निर्देश दिए। वहीं, गूलर-सालब मार्ग विवाद पर एसडीएम नरेंद्रनगर को बैठक कर समाधान निकालने को कहा।
  • निविदा निरस्तीकरण व लखवाड़ परियोजना गड़बड़ी: ठेकेदार संगठन की निविदाएं निरस्त होने और लखवाड़ बांध परियोजना में फर्जी हस्ताक्षर/प्रतिकर भुगतान में गड़बड़ी की शिकायतों पर अपर जिलाधिकारी और संबंधित अधिकारियों को जांच व आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

सीएम हेल्पलाइन और राजस्व मामलों की समीक्षा सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने भू-अभिलेख एवं राजस्व विभाग की अधिक शिकायतों को देखते हुए एडीएम की अध्यक्षता में अलग बैठक कर समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, सीएमओ डॉ. राम प्रकाश, डीडीओ मो. असलम, एसडीएम कमलेश मेहता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9058520973, हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करे