भारत दर्शन भ्रमण से विद्यार्थियों का दृष्टिकोण व्यापक होगा: धामी देवप्रयाग के 68 मेधावी छात्र और शिक्षक 16 सितंबर को होंगे रवाना; विधायक विनोद कंडारी की पहल को सराहा

देवप्रयाग टाईम्स 13 सितंबर 26

कीर्तिनगर (टिहरी)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ‘भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण’ विद्यार्थियों को देश की विविधता, इतिहास, संस्कृति, विज्ञान और विकास को करीब से समझने का अनूठा अवसर देता है। ऐसे शैक्षणिक अनुभव छात्रों के ज्ञान को कक्षा की दीवारों से बाहर निकालकर उनके दृष्टिकोण को व्यापक बनाते हैं।

मुख्यमंत्री कीर्तिनगर स्थित स्वामी मन्मथन प्रेक्षागृह में आयोजित ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम के बाद देवप्रयाग विधानसभा के भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण (10वें संस्करण) पर जाने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के दल से बातचीत कर रहे थे। इस मौके पर देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

विकल्प रहित संकल्प ही सफलता की कुंजी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने ‘विकल्प रहित संकल्प’ के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इतिहास रचने वाले लोग निरंतर प्रयास से ही सामान्य से असामान्य बनते हैं। यदि संकल्प दृढ़ हो तो कोई भी बाधा सफलता को नहीं रोक सकती। मुख्यमंत्री ने राज्य की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तराखंड सतत विकास के क्षेत्र में पहाड़ी राज्यों में देश में शीर्ष पर है। प्रदेश में लागू समान नागरिक संहिता (यूसीसी) और सख्त नकल विरोधी कानून से अन्य राज्य भी प्रेरणा ले रहे हैं।

भ्रमण की सीट संख्या बढ़कर होगी 2,000 लगातार 10 वर्षों से इस यात्रा का आयोजन करने के लिए मुख्यमंत्री ने विधायक विनोद कंडारी की सराहना की। उन्होंने बताया कि इस वर्ष राज्य के लगभग 1,000 विद्यार्थियों को भारत भ्रमण पर भेजा जा रहा है, जिसे आगामी वर्षों में बढ़ाकर 2,000 करने का लक्ष्य है।

विधायक विनोद कंडारी ने इसे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इस पहल से छात्र-छात्राओं में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा बढ़ी है, जिससे अब कई छात्र 96 प्रतिशत तक अंक हासिल कर रहे हैं।

16 सितंबर को रवाना होगा दल भ्रमण के 10वें संस्करण के तहत देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के 68 मेधावी छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक 16 सितंबर को देश के विभिन्न ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक संस्थानों के अध्ययन के लिए रवाना होंगे।

मेधावी छात्र हुए सम्मानित कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट लेखन के लिए मेधावी छात्र कनकलता, आयुष, प्रियांशु और राघव केंतुरा को सम्मानित किया गया। मंच संचालन मिस्टी रावत ने किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, कुलपति प्रकाश सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, ब्लॉक प्रमुख अंचला खण्डेवाल, विनोद बिष्ट, नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश मोहन मैठाणी सहित कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9058520973, हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करे