
- राश
देवप्रयाग टाईम्स | 05 अगस्त 2026
देवप्रयाग /टिहरी गढ़वाल (गिरीश भट्ट): राजकीय महाविद्यालय खाड़ी में बुधवार को उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय (UOU), हल्द्वानी के तत्वावधान में “उच्च शिक्षा, कौशल विकास एवं भविष्य के कैरियर अवसरों” विषय पर एक दिवसीय जागरूकता एवं परामर्श कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के प्रोफेसर गिरिजा प्रसाद पांडे, मदन मोहन जोशी तथा जनजागृति संस्थान खाड़ी के प्रतिनिधि अरण्य निरंजन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी प्राचार्य शन्नवर सिंह द्वारा अतिथियों के स्वागत भाषण से हुआ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मदन मोहन जोशी ने विश्वविद्यालय द्वारा संचालित परंपरागत एवं व्यवसायिक पाठ्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि BCA और BBA जैसे पाठ्यक्रम विद्यार्थियों के कौशल विकास और रोजगार के नए द्वार खोलते हैं। उन्होंने स्वरोजगार को बढ़ावा देने वाले ‘होम-स्टे मैनेजर’ प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम का विशेष उल्लेख किया। जोशी ने जानकारी दी कि SC, ST एवं OBC वर्ग के विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति व शिक्षा ऋण की सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा, नियमित महाविद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र UOU से समानांतर (पारंपरिक रूप से एक साथ) व्यवसायिक पाठ्यक्रम कर एक साथ दो डिग्रियाँ हासिल कर सकते हैं। उन्होंने प्रवेश प्रक्रिया और ‘सेल्फ लर्निंग मैटेरियल’ (SLM) के बारे में भी विस्तार से समझाया।
प्रोफेसर गिरिजा प्रसाद पांडे ने बताया कि विश्वविद्यालय के आधिकारिक यूट्यूब शिक्षण मंच के जरिए छात्र कभी भी विशेषज्ञों के व्याख्यान सुन सकते हैं। साथ ही “हैलो हल्द्वानी” रेडियो कार्यक्रम से प्रतियोगी परीक्षाओं व समसामयिक विषयों पर मार्गदर्शन दिया जाता है। उन्होंने साइबर लॉ, योग विज्ञान, ज्योतिष, IT, पत्रकारिता, मानवाधिकार, MBA, MCA, M.Sc. जैसे उच्च स्तरीय पाठ्यक्रमों के साथ-साथ गढ़वाली, कुमाऊँनी, जौनसारी जैसी क्षेत्रीय और विदेशी भाषाओं के सर्टिफिकेट कोर्स की उपयोगिता रेखांकित की।
कार्यक्रम का संचालन कैरियर काउंसलिंग प्रकोष्ठ की समन्वयक डॉ. संगीता बिजल्वाण जोशी ने किया। इस अवसर पर डॉ. अजीत सिंह, डॉ. मीनाक्षी, डॉ. सीमा पांडे, डॉ. मीना, डॉ. इरा सिंह, डॉ. ममता चौहान, दीपक, आशीष, हितेश, मनीषा, इंटर कॉलेज के प्राध्यापक भूपेंद्र सिंह सैनी व एन. पी. ओस कुमार सहित भारी संख्या में छात्र-छात्राएँ मौजूद रहे। अंत में अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों से इन अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया गया।
