
- देवप्रयाग टाईम्स( गिरीश भट्ट )
देवप्रयाग/टिहरी गढ़वाल, 04 अगस्त26। टिहरी लोकसभा सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर जनपद टिहरी गढ़वाल में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज की स्थापना जनभावनाओं, भौगोलिक परिस्थितियों तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप किए जाने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय के निकट इड़ियाना (भागीरथीपुरम क्षेत्र) मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए सबसे उपयुक्त एवं जनहितकारी स्थान है।
सांसद ने पत्र में कहा कि टिहरी मेडिकल कॉलेज की घोषणा पूर्व में राज्य के दो मुख्यमंत्रियों द्वारा की जा चुकी है, लेकिन अब तक निर्माण कार्य की स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। इससे क्षेत्र की जनता में निराशा और असमंजस की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा शिक्षा और भविष्य के विकास से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है।
उन्होंने उल्लेख किया कि लगभग दो वर्ष पूर्व भारत सरकार के तत्कालीन ऊर्जा मंत्री तथा स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भागीरथीपुरम के निकट इड़ियाना स्थित प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण किया था तथा कार्यदायी संस्था का चयन भी किया जा चुका था। ऐसे में पूर्व में हुए तकनीकी परीक्षणों और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को ध्यान में रखते हुए उसी चयनित स्थल पर मेडिकल कॉलेज की स्थापना को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
सांसद के अनुसार इड़ियाना का प्रस्तावित स्थल भौगोलिक दृष्टि से अत्यंत उपयुक्त है। यह टिहरी जनपद की छह विधानसभा क्षेत्रों के साथ-साथ आसपास के दो जनपदों के लोगों के लिए भी सुगम है। साथ ही चारधाम यात्रा मार्ग पर स्थित होने के कारण यात्रा के दौरान उत्पन्न होने वाली आकस्मिक चिकित्सा आवश्यकताओं की दृष्टि से भी यह स्थान महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि इड़ियाना में मेडिकल कॉलेज स्थापित होने से स्थानीय जनता के साथ-साथ चारधाम यात्रा पर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी समयबद्ध एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने कहा कि मेडिकल कॉलेज के स्थान का चयन केवल प्रशासनिक सुविधा के आधार पर नहीं, बल्कि जनहित, भौगोलिक परिस्थितियों, सुगम पहुंच, भविष्य की आवश्यकताओं तथा राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) के मानकों को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए।
उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि पूर्व में चयनित एवं उपयुक्त पाए गए इड़ियाना (भागीरथीपुरम) स्थल पर सभी मानकों और जनभावनाओं के अनुरूप आधुनिक सुविधाओं से युक्त मेडिकल कॉलेज की स्थापना सुनिश्चित की जाए, जिससे टिहरी गढ़वाल सहित पूरे पर्वतीय क्षेत्र को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाओं, चिकित्सा शिक्षा और मजबूत स्वास्थ्य अवसंरचना का स्थायी लाभ मिल सके।
