
देवप्रयाग टाइम्स
देवप्रयाग/नई टिहरी | 22 जुलाई 2026
टिहरी झील रिंग रोड परियोजना: दूसरे दिन भी प्रभावितों की जनसुनवाई सम्पन्न
अपर जिलाधिकारी ने दिया आश्वासन— अधिनियम 2013 के तहत पारदर्शी ढंग से होगी पूरी प्रक्रिया
देवप्रयाग/नई टिहरी। टिहरी झील के चारों ओर प्रस्तावित रिंग रोड (पूर्व निर्मित मोटर मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुधारीकरण) परियोजना हेतु भूमि अर्जन, पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन से संबंधित जनसुनवाई का दूसरा दिन बुधवार को सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। अपर जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल की अध्यक्षता में यह जनसुनवाई डोबरा-चांठी पुल के समीप आयोजित की गई थी।
इस जनसुनवाई के दौरान विधानसभा क्षेत्र प्रतापनगर के अंतर्गत आने वाले तहसील मदननेगी एवं टिहरी के 09 प्रभावित ग्रामों—रौणिया, सेम, कोलधार, गडोली, रौंलाकोट, झिंवाली, चांठी, मरोड़ा एवं तिवाड़गांव—के कुल 50 प्रभावित काश्तकारों ने भाग लिया। सुनवाई के दौरान 13 काश्तकारों द्वारा परियोजना को लेकर अपनी आपत्तियां एवं सुझाव दर्ज कराए गए, जिन पर नियमानुसार निस्तारण की कार्रवाई की जा रही है।
परियोजना से प्रभावित प्रत्येक व्यक्ति की आपत्तियों और सुझावों को पूरी गंभीरता से सुना जाएगा। भूमि अर्जन, पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन की पूरी प्रक्रिया ‘उचित प्रतिकर एवं पारदर्शिता का अधिकार अधिनियम-2013’ के तहत पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से की जाएगी।”
अपर जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जनता से प्राप्त सभी आपत्तियों का तय समय-सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जनसुनवाई के इस अवसर पर विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी नीलू चावला, अधिशासी अभियन्ता (प्रान्तीय खण्ड लोनिवि) दीपक कुमार, तहसीलदार टिहरी धीरज राणा, नायब तहसीलदार प्राची बहुगुणा, प्रधान सहायक बीना सेमवाल सहित संबंधित विभागों के तमाम अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
