
देवप्रयाग टाईम्स
टिहरी गढ़वाल, 10 सितंबर 2026 भारत रत्न एवं महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती जनपद टिहरी गढ़वाल में हर्षोल्लास और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाई गई।
इस अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने पंडित पंत के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके उपरांत अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र नेगी, एसडीएम कमलेश मेहता तथा कलेक्ट्रेट के समस्त अधिकारियों व कर्मचारियों ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए। उपस्थित जनसमूह ने पंडित पंत के व्यक्तित्व व कृतित्व का स्मरण करते हुए उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लिया।
समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत का जीवन देशभक्ति, जनसेवा, त्याग और राष्ट्र निर्माण का अद्वितीय प्रतीक है। उन्होंने न केवल स्वतंत्रता आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाई, बल्कि आजादी के बाद भी देश और समाज के नवनिर्माण में अभूतपूर्व योगदान दिया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों व कर्मचारियों से पंडित जी के जनसेवा के भाव को आत्मसात कर जनहित में कार्य करने का आह्वान किया।
