
देवप्रयाग टाईम्स (गिरीश भट्ट )
- टिहरी झील में लहराया तिरंगा, नावों पर सवार होकर निकली अनूठी यात्रा
- लहरों पर तिरंगा, जुबां पर वंदे मातरम्—देशभक्ति से सराबोर हुई टिहरी झील
देवप्रयाग/टिहरी, 14 अगस्त26
‘हर घर तिरंगा’ अभियान-2026 को सफल बनाने तथा जन-जन में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और अखंडता की भावना को और मजबूत करने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के नेतृत्व में टिहरी झील में एक अनूठी एवं भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई।
कोटी कॉलोनी स्थित बोटिंग प्वाइंट से शुरू हुई इस यात्रा में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्य, जनप्रतिनिधि, बोटिंग एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं स्थानीय नागरिक नावों पर सवार होकर टिहरी झील के बीच पहुंचे। हाथों में लहराते तिरंगों से झील का विशाल जल क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने बोटिंग प्वाइंट पहुंचकर तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया। इसके पश्चात वह स्वयं हाथ में तिरंगा लेकर नाव पर सवार हुईं और झील के मध्य तक जाकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। नावों पर लहराते तिरंगों के बीच जिलाधिकारी की उपस्थिति ने पूरी यात्रा में देशभक्ति का जोश भर दिया।
टिहरी झील के बीच निकाली गई यह जल-तिरंगा यात्रा अपने आप में आकर्षण का मुख्य केंद्र रही। झील की लहरों के बीच एक साथ कई नावों पर तिरंगे लहराते देखना बेहद मनमोहक और रोमांचकारी दृश्य था। इस दौरान प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष किए, जिससे संपूर्ण झील क्षेत्र गूंज उठा।
इस यात्रा के माध्यम से नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं आसपास के क्षेत्रों में तिरंगा फहराने तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त करने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, प्रगति रावत, मुलायम सिंह रावत, विजय सिंह कठैत, परमवीर पंवार सहित बोटिंग एसोसिएशन के सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
